आतंकवाद, तस्करी और साइबर अपराध पर कसेगा शिकंजा, चार देशों ने अपनाया सुरक्षा सहयोग का नया रोडमैप
कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की आठवीं एनएसए बैठक
नई दिल्ली। कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की आठवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक में सदस्य देशों मालदीव, भारत, मॉरीशस और श्रीलंका ने 2026-27 के लिए सहयोग का रोडमैप अपनाया और सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यहां बताया कि बुधवार को मालदीव के विला नौटिका पैराडाइज आइलैंड में हुई बैठक की अध्यक्षता मालदीव ने की। इसमें भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल हुए। श्रीलंका का प्रतिनिधित्व रक्षा मंत्रालय के सचिव एयर वाइस मार्शल संपत थुयाकोन्था ने किया, जबकि बंगलादेश की ओर से नेशनल डिफेंस कॉलेज के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमडी फैजुर रहमान शामिल हुए।
ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया ने अतिथि देशों के रूप में बैठक में हिस्सा लिया। ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व विदेश मामलों और व्यापार विभाग की दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया समूह की प्रथम सहायक सचिव सारा स्टोरी ने किया। मलेशिया की ओर से प्रधानमंत्री विभाग की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के समुद्री सुरक्षा एवं संप्रभुता प्रभाग के निदेशक खैरुल अजहर (निक) बिन अबू बकर शामिल हुए। बैठक में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव के पहले महासचिव वाइस एडमिरल एसएन घोरमाडे ने पिछले वर्ष नवंबर में नई दिल्ली में हुई सातवीं एनएसए स्तरीय बैठक के फैसलों को लागू करने के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी।
वर्ष 2026-27 के रोडमैप में सहयोग के पांच प्रमुख क्षेत्र तय किए गए हैं। इनमें समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरपंथ से मुकाबला, तस्करी और सीमा पार संगठित अपराध पर रोक, साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे एवं तकनीक की सुरक्षा तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत शामिल हैं। बैठक में सदस्य देशों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए आपसी सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही प्रशिक्षण, बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने और देशों की क्षमताएं बढ़ाने के जरिए पांचों क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया।

Comment List