दिन-दहाड़े फ्लैट से 2 आईपैड चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
खुला दरवाजा देखकर घर में घुसता था आरोपी
जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने दिन-दहाड़े फ्लैट से एप्पल के दो आईपैड चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया आईपैड बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में आरोपी के साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, परिवादी गजराज सिंह गुर्जर ने 18 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 17 नवंबर को दिन के समय उनके फ्लैट से एप्पल के दो आईपैड चोरी हो गए। इस पर झोटवाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी सहायता के जरिए आरोपी के आने-जाने का रूट चार्ट तैयार किया। सीसीटीवी फुटेज में मिले हुलिये और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राईद अली को पकड़कर पूछताछ की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
खुला दरवाजा देखकर घर में घुसता था आरोपी :
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है। वह दिन के समय घरों के खुले दरवाजे देखकर मौका पाकर अंदर घुस जाता था और मोबाइल, आईपैड सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लेता था। चोरी किए गए सामान को कम कीमत पर बेचकर अपनी जरूरतें पूरी करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान :
गिरफ्तार आरोपी राईद अली (35) निवासी प्लॉट नंबर 54-56, उदय नगर, झोटवाड़ा, जयपुर है। पुलिस मामले में आरोपी के साथी की तलाश कर रही है। इसके अलावा आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

Comment List