डॉ. राजीव शर्मा बने ऑल राजस्थान दुकानदार महासंघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए जारी होगा टोल फ्री नंबर
‘गो ऑफलाइन दिस ईयर’ अभियान से ऑनलाइन शॉपिंग को देंगे चुनौती
जयपुर। ऑल राजस्थान दुकानदार महासंघ (रजि.) ने डॉ. राजीव शर्मा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, लालकोठी में उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से नियुक्ति का अनुमोदन करते हुए उनका सम्मान किया और पदभार ग्रहण करवाया।
नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा ने इस अवसर पर दुकानदारों और व्यापारियों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि महासंघ की ओर से जल्द ही टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इस पर प्रदेशभर के दुकानदार जीएसटी से जुड़ी समस्याओं, विभागीय परेशानियों और अन्य व्यापारिक कठिनाइयों की शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। महासंघ इन शिकायतों को संबंधित विभागों और सरकार तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेगा। इससे विशेष रूप से छोटे दुकानदारों को अपनी समस्याएं उठाने के लिए मंच मिलेगा।
ऑफलाइन खरीदारी को प्रोत्साहित करेगा महासंघ :
डॉ. शर्मा ने बताया कि महासंघ ‘गो ऑफलाइन दिस ईयर’ थीम के साथ अभियान शुरू करेगा। इसके तहत ग्राहकों को ऑनलाइन शॉपिंग के बजाय स्थानीय बाजारों और दुकानों से खरीदारी करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन से पारंपरिक दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ रहा है। अभियान का उद्देश्य स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना, छोटे दुकानदारों के रोजगार की रक्षा करना और बाजारों को मजबूत बनाना है।
लोकेश माहेश्वरी बने प्रदेश सचिव :
महासंघ ने संगठनात्मक विस्तार के तहत लोकेश माहेश्वरी (नीलकंठ ग्रुप) को संविधान की धारा 166 के तहत प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। 22 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी।
मुख्य संरक्षक डॉ. के.एल. जैन, प्रदेश अध्यक्ष किशोर कुमार टाक, प्रदेश महामंत्री सुरेश चंद केदावत और वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिमलेश अग्रवाल सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि महासंघ का उद्देश्य प्रदेश के छोटे-बड़े व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और व्यापारिक हितों की रक्षा करना है। डॉ. राजीव शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने और दुकानदारों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से काम करने का संकल्प व्यक्त किया।

Comment List