चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात! चुनाव हारते ही गांव से हटवा दीं 50 स्ट्रीट लाइटें, विधायक के तर्क पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने जताया विरोध
टोंक। राजस्थान के टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति में चुनावी हार के बाद करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने का मामला सामने आया है। मामला वार्ड नंबर-2 का है, जहां दीपावली से पहले गलियों और बस्तियों को रोशन करने के लिए लाइटें लगाई गई थीं। शुक्रवार को बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका शर्मा कांग्रेस के धन्ना लाल से 751 वोटों से चुनाव हार गईं। आरोप है कि नतीजे आने के कुछ घंटे बाद ही लाइटें हटवा दी गईं।
प्रियंका शर्मा, बीजेपी विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी हैं। विधायक ने लाइटें हटाने के पीछे बिजली बिल का तर्क देते हुए कहा कि बीजेपी समर्थित सरपंच नहीं चुने जाने के कारण यह स्थिति बनी। वहीं, ग्रामीणों ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। वार्ड पंच काजोड़ प्रजापत ने इसे मतदाताओं को लुभाने का मामला बताया। बिजली निगम ने अवैध लाइटें हटाने की बात कही है।

Comment List