जानिए, राजस्थान विधानसभा के बाद स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में मतदाताओं का मिजाज
पंचायत चुनाव में कांग्रेस को 5.51% की बढ़त
जयपुर। राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में ढाई साल के भीतर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को वोट प्रतिशत के लिहाज से पीछे छोड़कर सत्ता हासिल की थी, लेकिन नवंबर 2026 में हुए पंचायती राज चुनावों के नतीजों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सियासी समीकरण बदलने के संकेत दिए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के औसत वोट शेयर में कांग्रेस ने भाजपा पर 5.51 प्रतिशत की बढ़त बना ली है। विधानसभा चुनाव में भाजपा कांग्रेस से 2.16 प्रतिशत आगे थी। इस तरह दोनों चुनावों के बीच दोनों दलों के वोट शेयर का अंतर करीब 7.67 प्रतिशत बदल गया।
पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस की बढ़त सीटों के साथ वोट प्रतिशत में भी दिखाई दी। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 43.41 प्रतिशत और भाजपा को 37.76 प्रतिशत वोट मिले। पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 39.15 प्रतिशत और भाजपा का 33.78 प्रतिशत रहा। दोनों चुनावों का औसत निकालें तो कांग्रेस 41.28 प्रतिशत और भाजपा 35.77 प्रतिशत पर पहुंच गई।
37 जिला परिषदों में कांग्रेस का दबदबा: प्रदेश के 41 जिलों में से 37 जिलों के 1275 जिला परिषद वार्डों के परिणामों में कांग्रेस ने 23 जिला परिषदों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि चार अन्य जिलों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। भाजपा को केवल पांच जिला परिषदों में स्पष्ट बहुमत मिला। जयपुर, दौसा, जोधपुर, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, टोंक, सिरोही और कोटपूतली-बहरोड़ में कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन किया। वहीं नागौर में आरएलपी ने अपनी ताकत दिखाई। कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली के नतीजे 17 दिसंबर को आने हैं।
पंचायत समितियों में भी भाजपा पिछड़ी: ब्लॉक स्तर पर भी कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों में कांग्रेस ने 3758 और भाजपा ने 2213 सीटें हासिल कीं। कांग्रेस 275 पंचायत समितियों में आगे रही, जबकि भाजपा को केवल 63 में बढ़त मिली। शेष 81 पंचायत समितियों में निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में कांग्रेस को 14 में बहुमत मिला। चौमूं और सांभर में भाजपा तथा सांगानेर में आरएलपी आगे रही। पांच समितियों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।
6 साल में भी बदली चुनावी तस्वीर :
वर्ष 2020-21 के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भाजपा ने 33 जिला परिषदों में से 20 में बहुमत हासिल किया था, जबकि कांग्रेस को 12 में बहुमत मिला था। इस बार 37 जिलों में कांग्रेस 23 जिला परिषदों में बहुमत तक पहुंच गई, जबकि भाजपा पांच पर सिमट गई। जिला परिषद स्तर पर कांग्रेस का वोट शेयर 2020-21 के 42.59 प्रतिशत से बढ़कर 43.41 प्रतिशत हो गया, जबकि भाजपा का 42.42 प्रतिशत से घटकर 37.76 प्रतिशत रह गया। पिछले चुनावों में तीनों चरण मिलाकर कांग्रेस को 2808 और भाजपा को 2705 सीटें मिली थीं। इस बार कांग्रेस 3758 और भाजपा 2213 सीटों पर रही।
छोटे दलों की भूमिका :
पंचायत समिति चुनाव में निर्दलीयों को 13.70 प्रतिशत, आरएलपी को 6.78 प्रतिशत और बीएपी को 3.31 प्रतिशत वोट मिले। जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल वैध वोट क्रमश: करीब 2,45,49,947 और 2,47,96,724 रहे।

Comment List