सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर जमाता था धाक, अजमेर में पिस्टल और चार कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
अवैध हथियार और चार जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
अजमेर। अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला स्पेशल पुलिस टीम ने एक युवक को देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी धाक जमाने की कोशिश करता था। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
सीओ शिवम जोशी ने बताया कि जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत को सूचना मिली थी कि एक युवक श्री वाटिका के पास अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है। इस पर टीम ने यूवी कॉलोनी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी कोमल सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेलर चालक है और काफी समय पहले एक परिचित से पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अब हथियार की खरीद-फरोख्त के स्रोत और उसके अन्य संपर्कों का पता लगा रही है। आरोपी के खिलाफ गेगल थाने में पहले से एक मामला दर्ज है। कार्रवाई में टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह और कांस्टेबल मुकेश टांडी की अहम भूमिका रही।

Comment List