जमीन जोतने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, करीब 50 लोगों ने किया हमला; कुल्हाड़ी और लाठियों से दो भाई घायल
जमीन का पुराना बंटवारा निरस्त होने के बाद जबरन खेत जोतने पर भड़का विवाद
अलवर। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में मेहराणा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जमीन जोतने को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष करीब 50 लोग मौके पर पहुंचे और कुल्हाड़ी, फरसी, टांचिए एवं लाठी-डंडों से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना 20 नवंबर की बतायी जा रही है, लेकिन मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला अब सामने आया है।
मेहराणा निवासी जुबेर खान ने बताया कि गांव में मौलवी शाकिर, हारून और अब्दुल्ला रहमान के बीच जमीन को लेकर विवाद है। जमीन का पूर्व में हुआ बंटवारा निरस्त होने के बाद मौलवी शाकिर अपनी जमीन जोतने लगे, जबकि अब्दुल्ला रहमान भी अपनी जमीन पर खेती करने लगा। आरोप है कि अब्दुल्ला रहमान ने अपनी जमीन के साथ मौलवी की जमीन भी जबरन जोतना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इस विवाद के चलते हुए संघर्ष में जुबेर खान और उसका भाई अयूब घायल हो गये। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comment List