मेंटेनेंस खर्च की जांच में खुलासा : मौके पर क्या काम हुआ इसका रिकॉर्ड नहीं; रिपोर्ट के लिए 1 माह और मिला
करोड़ों के मेंटेनेंस खर्च की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद
जयपुर। बिजली मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद अब काम का हिसाब जुटाना जयपुर डिस्कॉम के लिए चुनौती बन गया है। जानकारी के अनुसार मानसून और दीपावली से पहले कराए गए मेंटेनेंस कार्यों की जांच के दौरान फील्ड अभियंताओं की ओर से कमेटी को अधिकांश मामलों में केवल कार्यादेश ही उपलब्ध कराए गए हैं। इन आदेशों के तहत मौके पर वास्तव में क्या-क्या काम कराया गया, इसका पूरा ब्यौरा अभी सामने नहीं आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिस्कॉम सीएमडी आरती डोगरा के निर्देश पर ऊर्जा सलाहकार नवीन अरोड़ा की अध्यक्षता में हाईलेवल जांच कमेटी गठित की गई थी।
कमेटी को जयपुर उत्तर और दक्षिण सर्किल में मानसून व दीपावली पूर्व किए गए कार्यों में से 20 फीसदी फीडरों का चयन कर मेंटेनेंस कार्यों की जांच करनी थी। साथ ही ठेकेदारों के बिल, भुगतान और इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में रखी गई थी। कमेटी ने प्राथमिक जांच में फील्ड की वास्तविक स्थिति का उल्लेख किया है। विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए तीन माह का अतिरिक्त समय मांगा गया था, लेकिन प्रशासन ने फिलहाल एक माह की अवधि बढ़ाई है। अब जांच के अगले चरण में कार्यादेशों और मौके पर हुए वास्तविक काम का मिलान किया जाएगा। इससे करोड़ों के मेंटेनेंस खर्च की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Comment List