पुष्कर में आस्था का चरम : घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, मटका दौड़ में देसी-विदेशी महिलाओं ने दिखाया दमखम
आज संतों का शाही स्नान, कल कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान
पुष्कर। ब्रह्माजी की नगरी पुष्कर में आस्था, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। पवित्र पुष्कर सरोवर में ब्रह्म चौदस पर संत-महात्मा शाही स्नान करेंगे, जबकि मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान के साथ पंचतीर्थ स्नान और धार्मिक मेले का समापन होगा। सरोवर में स्नान, मंदिरों में दर्शन और मेले की रौनक के बीच तीर्थनगरी देशी-विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गुलजार है। रविवार को पंचतीर्थ स्नान के तीसरे दिन सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों लोगों ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सरोवर की परिक्रमा कर ब्रह्माजी सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए। सुबह से देर रात तक घाटों और मंदिरों में आवाजाही बनी रही। वहीं मेले में अस्थायी दुकानों, हाट बाजारों और झूलों पर भी खूब रौनक रही
सप्तऋषि घाट पर संतों का शाही स्नान :
ब्रह्म चौदस पर सोमवार सुबह सप्तऋषि घाट पर संत-महात्माओं का शाही स्नान होगा। संत सुबह 7 बजे सैन शक्ति पीठ से शोभायात्रा के रूप में रवाना होंगे। इसमें सैनाचार्य अचलानंदाचार्य महाराज, महामंडलेश्वर नंदराम शरणानंद महाराज, महंत प्रेमदास महाराज, हरिराम तपस्वी महामंडलेश्वर और रामनिवास महाराज पौधाम सहित विभिन्न आश्रमों के संत शामिल होंगे। घाट पर सरोवर का पूजन-अभिषेक करने के बाद संत शाही डुबकी लगाएंगे। स्नान के बाद रामधुनी करते हुए सरोवर की परिक्रमा करेंगे।
मटका दौड़ में मैना, म्यूजिकल चेयर में सोमिता प्रथम :
मेला स्टेडियम में रविवार को मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं हुईं। मटका दौड़ में 15 महिलाओं ने हिस्सा लिया। चूरू की मैना कुमारी प्रथम, पाली की शारदा राजपुरोहित द्वितीय और जोधपुर की कोमल विश्नोई तृतीय रहीं। म्यूजिकल चेयर में 29 महिलाओं ने भाग लिया। जयपुर की सोमिता जैन प्रथम, मैना कुमारी द्वितीय और नोएडा की मनु सक्सेना तृतीय रहीं। पर्यटन विभाग ने विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
ब्रह्माजी को चढ़ेगा 21 किलो लड्डुओं का भोग :
ब्रह्म चौदस पर ब्रह्माजी मंदिर में विशेष आयोजन होंगे। मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों से सजाकर फूल बंगला झांकी बनाई जाएगी। पंचामृत अभिषेक, षोडशोपचार पूजन, महाभिषेक और महाआरती के बाद 56 भोग की झांकी सजाई जाएगी। ब्रह्माजी को 21 किलो लड्डुओं का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा।
6 श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया :
सरोवर के अलग-अलग घाटों पर रविवार को डूब रहे छह लोगों को सिविल डिफेंस टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें डेगाना के देवेंद्र, नाथद्वारा के विवान, अजमेर के भावेश, भीलवाड़ा की तारा देवी और बेरवाई गांव की 15 वर्षीय किस्मत व सुमन शामिल हैं। स्वयंसेवकों ने तत्काल कार्रवाई कर सभी को बचाया। तारा देवी को चोट लगने पर घाट पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
गोवंश पकड़ने का अभियान तेज :
जनाना घाट पर गोवंश की चपेट में आने से महिला श्रद्धालु की मौत के बाद नगर परिषद ने अजमेर नगर निगम के सहयोग से अभियान तेज किया है। सभापति राजेंद्र बाकोलिया के अनुसार मेले के दौरान अब तक करीब 1,500 गोवंश पकड़कर कांजी हाउस भेजे जा चुके हैं। एसडीएम गुरुप्रसाद तंवर ने घटना की जांच के लिए दो टीमें गठित कर रिपोर्ट मांगी है।
पशु कारोबार में सुस्ती, आज के कार्यक्रम- मेले में अब तक 10,088 पशुओं की आवक दर्ज हुई है। इनमें से 704 पशुओं की बिक्री से 4 करोड़ 49 लाख 72 हजार 500 रुपए का कारोबार हुआ। कुल 455 अश्व बिके, जिनमें 436 राज्य के बाहर के व्यापारियों ने खरीदे। ऊंटों की राज्य के बाहर बिक्री अब तक नहीं हुई। सोमवार को सुबह 11 बजे लगान स्टाइल क्रिकेट मैच, शाम 6 बजे सरोवर की महाआरती, 7 बजे लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां और रात 8 बजे गायक स्वरूप खान का कार्यक्रम होगा। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान होगा। मेले का समापन 24 नवंबर को सुबह 10.30 बजे मेला मैदान में पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। शाम 6 बजे सरोवर के घाटों पर महाआरती होगी।

Comment List