लावरोव का जर्मनी-ब्रिटेन पर निशाना, दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की मानसिक स्थिति पर उठाए सवाल
यूक्रेन के 'गहरे हमलों' की आलोचना
मॉस्को। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रविवार को कहा कि जर्मनी और ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ' सही मानसिक स्थिति' में नजर नहीं आते हैं। रूसी सरकारी प्रसारक वीजीटीआरके के एक सवाल के जवाब में लावरोव ने रूसी क्षेत्र के भीतर यूक्रेन के हमलों को लेकर ब्रिटेन और जर्मनी के रक्षा मंत्रियों की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, मैं उन लोगों के बयानों पर टिप्पणी नहीं कर सकता, जो मेरी राय में ठीक मानसिक स्थिति में नहीं हैं।
यह बयान जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस से जुड़े विवाद के बाद आया है। पिस्टोरियस ने अमेरिकी उप रक्षा मंत्री एल्ब्रिज कोल्बी से माफी मांगी थी। उन्होंने रूस के भीतर काफी गहराई तक यूक्रेन के हमलों की प्रभावशीलता को लेकर यूक्रेन की आलोचना करने वाली कोल्बी की टिप्पणी को 'काफी मूर्खतापूर्ण कदम' बताया था। मंगलवार को ब्रसेल्स में यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति के समन्वय के लिए गठित संपर्क समूह की बैठक से पहले कोल्बी ने कहा था कि रूस के भीतर यूक्रेन के 'गहरे हमले' संघर्ष को समाप्त करने में मदद नहीं करते, बल्कि इसके विपरीत, वास्तव में संभवतः रूसी जनता के संकल्प को और मजबूत करते हैं।
उसी दिन बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पिस्टोरियस ने यूक्रेन के हमलों की आलोचना को 'मूर्खतापूर्ण कदम' बताया। बाद में उन्होंने कहा कि वह एक पत्रकार के सवाल का जवाब अंग्रेजी में दे रहे थे, जो उनकी मातृभाषा नहीं है, और अपनी बात रखने के लिए उन्होंने अनुचित अभिव्यक्ति का इस्तेमाल कर लिया। उन्होंने कोल्बी से माफी मांगी।

Comment List