जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बड़ा हादसा: कार पर पलटा ट्रेलर, एक की मौत; 3-4 लोग घायल
गंभीर घायलों को एंबुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल
जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे गेट के सामने पुलिया से नीचे उतरते समय 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक ट्रेलर के टायर में फंस गया था। वहीं, हादसे में 3 से 4 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहा ट्रेलर पुलिया पर चढ़ते समय करीब चार फीट नीचे अनियंत्रित होकर गिर गया। इस दौरान ट्रेलर ने पुलिया की रेलिंग तोड़ दी और नीचे से गुजर रही कार, पिकअप, स्कूटी व बाइक सहित कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रेलर एक दुकान की ओर जा घुसा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार बुरी तरह पिचक गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।

Comment List