सुभाषचौक थाना पुलिस की कार्रवाई : चाकूबाजी की वारदात का 12 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार और 2 नाबालिग निरुद्ध
वारदात में प्रयुक्त लोहे की स्टीक बरामद
जयपुर। जयपुर उत्तर की सुभाषचौक थाना पुलिस ने चाकूबाजी कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे में वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की स्टीक भी बरामद की है। पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 18 नवंबर 2026 को परिवादी काशिबुद्दीन निवासी खंडार का रास्ता, सुभाषचौक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके भांजे सरफराज पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर प्रथम आलोक सिंघल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त माणकचौक पीयूष कविया के सुपरविजन में थानाधिकारी भरत महर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और वारदात के बाद आरोपियों के भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद रईश (26) निवासी भट्टा बस्ती और मोहम्मद फजल (21) निवासी गंगापोल गेट के बाहर, गलतागेट को गिरफ्तार किया। वहीं, दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रईश के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य प्रकरण भी दर्ज हैं।

Comment List