वसुंधरा ने दबंगता से राज किया, भजनलाल से दिन-रात का फर्क : अशोक गहलोत
भाजपा सरकार पर कई मुद्दों पर हमला बोला
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार सुबह अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर कई मुद्दों पर हमला बोला। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की तुलना भी की। गहलोत ने कहा कि मेरे वसुंधरा राजे से बहुत मतभेद रहे। पहले कार्यकाल में पांच साल तक हमारी बोलचाल ही नहीं रही, लेकिन उनके और भजनलाल के काम करने के तरीके में दिन-रात का फर्क है। वे केंद्रीय मंत्री रह चुकी थीं। उन्होंने अनुभव का लाभ लिया, कैंपेन भी किया, चुनाव जीते और दबंगता से सरकार चलाई। ब्यूरोक्रेसी को कंट्रोल में रखा, बल्कि ज्यादा ही। कई ब्यूरोक्रेट उनकी मीटिंगों में बीमार पड़ जाते थे।
उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, गवर्नर और मुख्यमंत्री का सम्मान करना चाहिए। दीपावली पर उन्होंने शुभकामनाएं भी दीं। गहलोत ने आरोप लगाया कि जनता की सुनवाई नहीं हो रही, काम नहीं हो रहे। निवेश समिट और रिसर्जेंट राजस्थान से कुछ नहीं होता, 10 प्रतिशत भी निवेश नहीं आता। करोड़ों खर्च कर तमाशा किया गया। भाजपा नेता खुद कह रहे हैं कि कांग्रेस राज में उनके काम ज्यादा होते थे। भाजपा ने कांग्रेस की जनकल्याणकारी योजनाओं को तहस-नहस कर दिया, नई योजनाएं नहीं लाईं। कांग्रेस एकजुट रही, इसलिए जनता ने सबक सिखाया।

Comment List