हिस्ट्रीशीटर हत्या मामला : 730 रुपए में खरीदीं तीन कुल्हाड़ियां, हत्या के बाद मंदिर पहुंचे आरोपी
बीटेक कर कॉर्पोरेट कम्पनी में नौकरी कर चुका है मुख्य आरोपी
जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या करने की मुख्य साजिश अनीश गोल्या उर्फ जग्गू ने रची थी। अनीश जयपुर के एक निजी कॉलेज से बीटेक कर चुका है और पांच महीने पहले तक एक कॉर्पोरेट कम्पनी में नौकरी करता था। उसने अपने ताऊ के बेटे कमलेश और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। वारदात से पहले आरोपियों ने 730 रुपए में तीन कुल्हाड़ियां खरीदीं और 180 रुपए खर्च कर उनके लकड़ी के हत्थे लगवाए तथा धार तेज करवाई। हत्या के बाद चारों आरोपी कैंपर लेकर अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे और करधनी क्षेत्र के एक मंदिर में पहुंचे।
पिता की हत्या हुई उस समय 14 साल का था अनीश :
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि हत्या के पीछे वर्ष 2019 से चली आ रही रंजिश थी। उस समय जोबनेर इलाके में विजय और उसके साथियों ने अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। पिता की हत्या के समय अनीश करीब 14 साल का था। तभी से उसके मन में बदला लेने की भावना थी।
आए दिन करता था बेइज्जत :
खुलासा हुआ कि विजय आए दिन कैलाश की हत्या करने को लेकर अनीश समेत अन्य को बेइज्जत करता था। हत्या वाले दिन अनीश और उसका ताऊ का बेटा कमलेश कैंपर से ग्वार बेचने जयपुर आ रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात विजय से हो गई। यहां विजय ने दोनों को धमका दिया। इसके बाद दोनों ने विजय की हत्या करने की तैयारी शुरू कर दी।
ऐसे किया पीछा- चारों ने पहले कैम्पर में बैठकर शराब पी। इसके बाद रॉयल सिटी के पास से विजय की फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू किया। उस समय विजय अपने तीन दोस्तों के साथ गाड़ी में था। विवाद होने पर उसके तीन दोस्त पहले ही उतर गए। अनीश समेत अन्य ने मौका देखकर कैंपर से विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

Comment List