19 साल के एमबीबीएस छात्र ने जाते-जाते बचाई चार जिंदगियां, अंगदान से कई मरीजों को मिली नई जिंदगी
अंतिम कार्य से कई जिंदगियों को मिला दूसरा मौका
चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुनेलवेली मेडिकल कॉलेज के 19 वर्षीय एमबीबीएस छात्र के ब्रेन डेड होने के बाद उसके परिवार ने मानवता और करुणा की मिसाल पेश करते हुए उसके अंग दान किये हैं। तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के किलिरुप्पु गांव के रहने वाले देवन नौ नवंबर को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे, जिसके बाद उन्हें पुडुचेरी के जिपमर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उनकी हालत नहीं सुधरी और उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। इसके बाद उनके परिवार ने उनके शरीर के अंगों को दान कर कई मरीजों को जीवनदान देने का फैसला किया।
अपने दिल, लिवर और किडनी के दान के साथ देवन ने चार मरीजों को नया जीवन दिया है। उनके दो नेत्रपटल भी एक व्यक्ति की आंखों को रोशनी देने के काम आएंगे। महज 19 साल की उम्र में, देवन ने समाज की सेवा करने के सपने के साथ डॉक्टर बनने की अपनी यात्रा शुरू की थी। भले ही उनका जीवन बहुत जल्दी समाप्त हो गया, लेकिन उनके अंतिम कार्य ने कई लोगों को उम्मीद और जीवन का दूसरा मौका दिया है।
जिपमर ने सोमवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि उनका यह योगदान इस बात की एक सशक्त मिसाल है कि अंगदान का उपहार उम्र, पेशे और व्यक्तिगत नुकसान से कहीं ऊपर है। जिपमर ने अत्यंत कठिन समय में जीवन बचाने वाला यह निर्णय लेने के लिए देवन के परिवार के असाधारण साहस और उदारता की सराहना की। संस्थान ने अंग दान और प्रत्यारोपण प्रक्रिया में शामिल विभिन्न चिकित्सा टीमों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटरों, नर्सिंग स्टाफ, डॉक्टरों, तकनीशियनों, सपोर्ट स्टाफ और अन्य सभी संबंधित लोगों के समन्वित प्रयासों की भी प्रशंसा की।

Comment List