4 राज्यों में फैला फर्जी मेडिकल डिग्रियों का नेटवर्क बेनकाब, 4 आरोपी गिरफ्तार
लाखों रुपए लेकर तैयार होती थीं बैकडेट की डिग्रियां
जयपुर। एसओजी ने मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में कार्रवाई कर फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार करने, उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने और मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाने वाले संगठित गिरोह के चार जनों रामकिशोर महावर, सत्यजीत पाणिग्रही निवासी पश्चिमी मेदिनीपुर पश्चिम बंगाल, मनीष मांझी निवासी ग्वालियर मध्यप्रदेश और खुर्रम तौफीक निवासी आजमगढ़ को गिरफ्तार किया है। महज 11वीं पास युवक ने फर्जी एमबीबीएस, एमडी (गायनेकोलॉजी) और डीएमआरडी की डिग्रियों के आधार पर डॉक्टर बनकर दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों में काम किया और कई अस्पतालों में आॅन-कॉल सोनोग्राफी भी की।
एसओजी एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि 6 अक्टूबर 2024 को राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने अशोक नगर थाने में फर्जी दस्तावेजों से डॉक्टर के रूप में पंजीयन करवाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआत में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी गई थी। बाद में जांच में संगठित नेटवर्क सामने आने पर मामला एसओजी को सौंपा गया। महावर ने बताया कि वह केवल 11वीं पास है और पहले दौसा, बालोतरा तथा बयाना के निजी अस्पतालों में सहायक के रूप में काम कर चुका है। उसने एक व्यक्ति से राम मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस डिग्री की पीडीएफ लेकर उसमें बदलाव कर फर्जी डिग्री बनाई और राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवा लिया। इसके आधार पर खेड़ला के निजी अस्पताल में करीब 15 दिन डॉक्टर के रूप में काम किया। इसके बाद अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में काम किया। फेसबुक के जरिए संपर्क कर करीब साढ़े पांच लाख रुपए में 12वीं, एमबीबीएस और एमडी गायनेकोलॉजी की फर्जी डिग्रियां बनवाईं। इनके आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाकर जून 2025 में सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम शुरू कर दिया।
डीएमआरडी की डिग्री के लिए दिए साढ़े आठ लाख :
आरोपी ने फेसबुक पर मेडिकल एजुकेशन नई दिल्ली के विज्ञापन के जरिए संपर्क कर महाराष्ट्र के एक विश्वविद्यालय से डीएमआरडी की फर्जी डिग्री बनवाई। इसके लिए करीब साढ़े पांच लाख रुपए दिए। डिग्री ऑनलाइन अपलोड करवाकर दिल्ली मेडिकल काउंसिल के पुराने पंजीयन में जुड़वा ली। इसके आधार पर दिल्ली के अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा। महाराष्ट्र के सरकारी मेडिकल कॉलेज मिरज की फर्जी डिग्री के आधार पर एसएमएस इमेजिंग सेंटर में भी पंजीयन करवाया। इस काम के लिए करीब साढ़े आठ लाख रुपए खर्च किए।
अलग-अलग लोगों को दी थी जिम्मेदारी :
फेसबुक और वाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करने और डिग्रियों का सौदा करने का काम संजीत पाणिही करता था। मनीष मांजी विभिन्न कॉलेजों की फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करवाकर उसे भेजता था। दस्तावेजों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने के लिए अलग लोग सक्रिय थे। एसओजी ने मुंबई से संजीत पाणिही और मध्यप्रदेश के ग्वालियर से मनीष मांजी को गिरफ्तार किया। मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर पंजीयन करवाने वालों की तलाश जारी है।

Comment List