जयपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, युवक ने मां-बेटी कि हत्या कर किया सुसाइड
निरीक्षण कर जांच शुरू की
जयपुर। भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र के रामनगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार (26 नवंबर) को हुई इस घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सामने आई। घर के एक कमरे में मां, बेटी और बेटे के शव मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी मां और बहन की हत्या कर खुद ने सुसाइड कर लिया।
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान सरोज देवी (50), उनकी बेटी शिवांगी (25) और बेटे लक्की (27) के रूप में हुई है। तीनों के शव घर के एक ही कमरे में मिले। कमरे की दीवार पर एक कागज चिपका हुआ था, जिस पर मोबाइल फोन में सुसाइड नोट होने की जानकारी लिखी थी।
मोबाइल फोन से मिला सुसाइड नोट :
पुलिस को लक्की के मोबाइल फोन में एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने परिवार में मानसिक बीमारी से जुड़ी समस्या होने और कुछ साल पहले करवाई गई जांच में इसके लक्षण सामने आने का उल्लेख किया है। जानकारी के अनुसार, लक्की के पिता की भी कुछ साल पहले मौत हो गई थी।
नाना के फोन के बाद पड़ोसियों को हुआ घटना का पता :
शुक्रवार सुबह सरोज देवी के पिता दीप तिवारी ने परिवार के सदस्यों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों से संपर्क कर घर जाकर जानकारी लेने के लिए कहा।
पड़ोसी जब घर पहुंचे तो कमरे में तीनों के शव मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Comment List