14 करोड़ का खेल हॉस्टल तैयार, फिर भी खिलाड़ियों को इंतजार!
अब तक नहीं खुल पाए हॉस्टल के दरवाजे
कोटा। शहर के खिलाड़ियों को बेहतर आवासीय सुविधा देने के उद्देश्य से नयापुरा स्थित उम्मेद सिंह स्टेडियम परिसर में करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया खेल हॉस्टल एक साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। भवन निर्माण पूरा होने के बावजूद खिलाड़ियों को इसमें रहने की सुविधा नहीं मिल रही। खास बात यह है कि पिछले साल जल्द लोकार्पण करवाकर हॉस्टल खिलाड़ियों के लिए खोलने का भरोसा दिलाया था, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी यह आश्वासन धरातल पर नहीं उतर पाया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब करोड़ों रुपए खर्च कर भवन तैयार कर दिया गया है तो फिर खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलने में देरी क्यों हो रही है?
वर्ष 2023 में इस हॉस्टल का टेंडर हुआ था। निर्माण पूरा होने के बाद 25 नवंबर 2025 को इसका लोकार्पण प्रस्तावित था, लेकिन किसी कारणवश कार्यक्रम नहीं हो सका। इसके बाद खेल विभाग की ओर से जल्द लोकार्पण की बात कही गई थी। भवन निर्माण का काम पूरा हो चुका है और केवल फर्नीचर लगाने का काम शेष है। उन्होंने इसी वर्ष भव्य लोकार्पण करवाने की बात भी कही थी। अब नवंबर 2026 आ चुका है, लेकिन हॉस्टल के दरवाजे खिलाड़ियों के लिए नहीं खुल सके हैं।
256 खिलाड़ियों के ठहरने की है क्षमता
उम्मेद सिंह स्टेडियम परिसर में बने इस चार मंजिला (जी प्लस थ्री) हॉस्टल में 52 कमरे हैं। इसमें एक साथ 256 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। हॉस्टल में लिफ्ट, अलग मैस, चार गेस्ट रूम, मीटिंग हॉल, प्रत्येक मंजिल पर सुविधाघर और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कमरों में चार, छह और दस खिलाड़ियों के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था है। इसका उद्देश्य दूसरे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को स्टेडियम के नजदीक ही आवास उपलब्ध करवाना है।
सुविधाओं का नहीं मिल रहा लाभ
शहर में हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेलों में युवा खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं में दूसरे जिलों और राज्यों से भी खिलाड़ी कोटा पहुंचते हैं। ऐसे में इस हॉस्टल के शुरू होने से स्थानीय खिलाड़ियों के साथ बाहर से आने वाली खेल प्रतिभाओं को भी फायदा मिल सकता है। लेकिन लंबे समय से हॉस्टल शुरू नहीं होने के कारण इसकी उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि खेल सुविधाओं के विकास के लिए भवन बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका समय पर संचालन शुरू करना भी है।
इनका कहना है
इस संबंध में विभाग को कई बार पत्र लिखकर जानकारी और आगे की प्रक्रिया के बारे में पूछा गया, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। प्रदेश के सातों संभागों में खेल हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। विभाग की योजना है कि सभी संभागों में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एक साथ सभी हॉस्टलों का लोकार्पण कर उन्हें शुरू किया जाए। ऐसे में कोटा का हॉस्टल तैयार होने के बावजूद अन्य संभागों के निर्माण कार्य पूरे होने का इंतजार किया जा रहा है।
-वाईबी सिंह, जिला खेल अधिकारी

Comment List