मैदान से मंच तक पहचान बनाई, अब तक 275 खिलाड़ियों को तराशा

परिवार और भामाशाहों के सहयोग से खिलाड़ियों को दे रहीं नई उड़ान

मैदान से मंच तक पहचान बनाई, अब तक 275 खिलाड़ियों को तराशा
18 नेशनल और चार यूनिवर्सिटी गेम खेलने वाली शिक्षिका ने खेल प्रतिभाओं को निखारने में झोंकी जिंदगी।

कोटा। खेल के मैदान पर कभी खुद पदक जीतने का जुनून था, आज नई पीढ़ी को जीत का रास्ता दिखाने का संकल्प है। एक खिलाड़ी से शिक्षिका और फिर खेल प्रतिभाओं की मार्गदर्शक बनने तक का सफर निता डांगी के लिए आसान नहीं रहा। वर्ष 1986 में कक्षा छह से बास्केटबॉल के साथ खेल जीवन की शुरुआत करने वाली इस महिला ने बाद में हैंडबॉल को अपना जुनून बनाया। बास्केटबॉल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचीं, जबकि हैंडबॉल में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर नेशनल सहित स्कूल नेशनल की कुल 18 प्रतियोगिताओं और चार यूनिवर्सिटी गेम में भाग लिया। वर्ष 1995 में एमडीएस यूनिवर्सिटी अजमेर की हैंडबॉल टीम की कप्तान भी रहीं। खेल के प्रति इस जुनून को आगे बढ़ाने में माता-पिता का अहम योगदान रहा। उस दौर में लड़कियों का नेकर-टीशर्ट पहनकर महीनों तक नेशनल कैंप में रहना और प्रतियोगिताओं के लिए दूसरे राज्यों में जाना कई लोगों को स्वीकार नहीं था। लेकिन माता-पिता ने सामाजिक बातों की परवाह किए बिना उनकी प्रतिभा पर भरोसा जताया और हर कदम पर प्रोत्साहित किया। पढ़ाई में भी निता अव्वल रहने के बावजूद खेलों के प्रति विशेष रुचि ने उन्हें इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

पहली ही बार में जिला विजेता बनी टीम
वर्ष 2003 में राजकीय सेवा में आने के बाद उन्होंने खेल प्रतिभाओं को तैयार करने का बीड़ा उठाया। वर्ष 2005 में पहली बार छात्रा वर्ग की हैंडबॉल टीम को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उतारा और कड़ी मेहनत का परिणाम यह रहा कि टीम ने पहली ही बार में जिला विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके बाद वर्ष 2026 तक हर साल छात्र और छात्रा वर्ग की टीमें शिक्षा विभागीय प्रतियोगिताओं में भाग लेती रहीं। अब तक करीब 275 खिलाड़ी उनके मार्गदर्शन में हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। इस वर्ष शाला क्रीड़ा संगम की 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की छात्र-छात्रा वर्ग की चारों टीमें विजेता रहीं। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि 64 खिलाड़ियों ने इन टीमों में हिस्सा लिया, जबकि 27 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचे।

खिलाड़ियों के लिए खुद बनती हैं सहारा
खिलाड़ियों की आर्थिक और संसाधनों से जुड़ी परेशानियों को देखते हुए वे स्वयं भामाशाहों से संपर्क करती हैं। खेल गणवेश, उपकरण और दूरदराज से आने वाले खिलाड़ियों के किराए तक की व्यवस्था में सहयोग करती हैं। उनका मानना है कि प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण पीछे नहीं रहनी चाहिए।

खेल मैदान से मंच तक बुलंद आवाज
वर्ष 2005 से शिक्षा विभाग, प्रशासन और अन्य विभागों की खेल प्रतियोगिताओं व कार्यक्रमों में उद्घोषिका की भूमिका भी निभा रही हैं। कई बार एक ही दिन में खेल प्रतियोगिताओं के साथ दो-दो कार्यक्रमों का संचालन किया। भामाशाहों को जोड़कर और स्वयं परिवार सहित सहयोगी बनकर राजकीय विद्यालयों में प्रतिवर्ष करीब 150 गणवेश, ऊनी वस्त्र, फर्नीचर और स्टेशनरी सहित लाखों रुपए की सामग्री उपलब्ध करवाई। खेल और सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग से राज्य स्तरीय पुरस्कार सहित विभिन्न विभागों से अनेक सम्मान मिल चुके हैं। वे कहती हैं कि इस सफर में परिवार और बच्चों का सहयोग सबसे बड़ी ताकत रहा है। एक महिला के लिए परिवार, नौकरी, खेल और मंच की जिम्मेदारियां निभाना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन मेहनत से मिलने वाला सुकून अनमोल है।

Read More असर खबर का : दैनिक 'नवज्योति' ने उठाए मुद्दे,चिकित्सा मंत्री ने लिया संज्ञान, अब विभाग करेगा कोटा में बैठक

 

Read More Voice Of Youth : नन्हे कंधों पर भारी बस्ते, बचपन पर पढ़ाई का बोझ!

Post Comment

Comment List

Latest News

भुगतान नहीं करने पर पीएचईडी के तीन अधिकारियों की कुर्सियां कुर्क, ढोल बजाकर चस्पां किए नोटिस भुगतान नहीं करने पर पीएचईडी के तीन अधिकारियों की कुर्सियां कुर्क, ढोल बजाकर चस्पां किए नोटिस
एडवोकेट राजू अंबेडकर के अनुसार जालंधर की सचदेवा मेटल वर्क्स कंपनी ने वर्ष 2018, 2019 और 2020 में पीएचईडी को...
सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, उत्तराखंड के पैतृक गांव में हुआ निधन
बूंदी पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ी टक्कर
असर खबर का : सिमलिया सीएचसी में रात को डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई, खबर के बाद चिकित्सा विभाग ने बदली व्यवस्था
Voice Of Youth: धरोहरों की पुकार, युवाओं की जिम्मेदारी... विरासत बचाने को उठाएं कदम
वी. श्रीनिवास ने वैश्विक सुशासन के लिए देशों के बीच प्रशासनिक अनुभव साझा करने पर दिया जोर
दीपावली तक सड़कें गड्ढामुक्त करने की सरकारी योजना फेल, प्रदेशभर में बदहाल सड़कों से आमजन परेशान