नेपाल के विकास के लिए भारत देगा 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये, मोदी-बालेन शाह की वार्ता में 8 समझौतों पर हस्ताक्षर

साझा सभ्यता और पड़ोसी प्रथम नीति पर दिया जोर

नेपाल के विकास के लिए भारत देगा 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये, मोदी-बालेन शाह की वार्ता में 8 समझौतों पर हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के सहयोग पैकेज की घोषणा की है। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए तथा अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा सहित छह परियोजनाओं का शुभारंभ व उद्घाटन किया गया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को मजबूती देने के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की है। पीएम मोदी ने भारत यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस वक्तव्य में यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझा हैं तथा वे एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं।

इस अवसर पर दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर और रेल, सड़क, ऊर्जा एवं पेट्रोलियम से जुड़ी छह परियोजनाओं की शुरुआत और उद्घाटन भी किया गया। दोनों प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ में हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़ा है और उसके पुनर्निर्माण में सहयोग करेगा।

भारत और नेपाल के बीच शिक्षा, पुलिस प्रशिक्षण, प्रशासन, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, अंतरिक्ष तकनीक और शहरी विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग का समझौता शामिल है। इसके अलावा भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल के राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच भी समझौता हुआ है।

नेपाल के सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए भारत के सुशासन के लिए राष्ट्रीय केंद्र और नेपाल प्रशासनिक कर्मचारी महाविद्यालय के बीच समझौता किया गया है। दोनों देशों ने आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए भी समझौते किए हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया उपग्रह के उपयोग के लिए उपग्रह संचार नेटवर्क स्थापित करने का समझौता हुआ है। इसके साथ ही सतत शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को लेकर भी दोनों देशों के बीच समझौता हुआ है।

Read More पहलगाम हमले के बाद भी पाकिस्तान का स्वागत, सुप्रिया ने केन्द्र सरकार को घेरा

संयुक्त वक्तव्य में दोनों देशों के बीच संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए छह परियोजनाओं की शुरुआत, उद्घाटन और प्रगति से जुड़ी घोषणाएं की गईं। इनमें अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करना शामिल है। भारत के बनबसा में नए एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी जाएगी। वहीं, भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में एकीकृत जांच चौकियों के निर्माण में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया गया।

Read More घग्गर नदी में जहर घोल रहा सिस्टम : हरियाणा में 44 सीवरेज प्लांट फेल, सैलजा ने सरकार से मांगा जवाब

धारचूला (भारत) और दार्चुला (नेपाल) के बीच नए सीमा पार मोटर वाहन पुल का उद्घाटन किया गया। ऊर्जा क्षेत्र में 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को राष्ट्र को समर्पित किया गया। प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन से जुड़े झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला भी रखी जाएगी। पीएम मोदी ने नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, नवाचार केंद्र और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान का एक विदेशी परिसर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

Read More साझा सांस्कृतिक विरासत एससीओ देशों के बीच मजबूत सेतु: गजेंद्र सिंह शेखावत, आपसी विश्वास और मैत्री बढ़ाने पर जोर

इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाने को प्रोत्साहन देने के लिए नेपाल में कृषि-औद्योगिक पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य जरूरी वस्तुओं की विश्वसनीय आपूर्ति करता रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपनी पड़ोसी प्रथम नीति की भावना के अनुरूप नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखी।

पीएम मोदी ने भारत और नेपाल के संबंधों को साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने जोर दिया कि भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और कठिन समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं।

Post Comment

Comment List

Latest News

नेपाल के विकास के लिए भारत देगा 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये, मोदी-बालेन शाह की वार्ता में 8 समझौतों पर हस्ताक्षर नेपाल के विकास के लिए भारत देगा 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये, मोदी-बालेन शाह की वार्ता में 8 समझौतों पर हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास...
डीजे की धमक ने छीने शहनाई के सुर, कलाकारों की रोजी-रोटी पर संकट
Voice of Youth : भगवान के दरबार में चिट्ठियों से पहुंच रही युवाओं की अर्जी, सोशल मीडिया ने दिया आस्था को नया ट्रेंड
HPV टीकाकरण अभियान में बड़ी उपलब्धि, 9 माह से कम समय में लगीं 1 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज 
ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में 24 से 30 नवंबर तक होगा श्री राम जानकी विवाह मंगल महोत्सव, प्रतिदिन शाम को बधाई उत्सव का आयोजन
पंचायत चुनाव : कांग्रेस में जिला प्रमुख-प्रधान चयन को लेकर सहमति नहीं, जयपुर सहित कई जिलों में विवाद 
19 साल के एमबीबीएस छात्र ने जाते-जाते बचाई चार जिंदगियां, अंगदान से कई मरीजों को मिली नई जिंदगी