Voice of Youth : भगवान के दरबार में चिट्ठियों से पहुंच रही युवाओं की अर्जी, सोशल मीडिया ने दिया आस्था को नया ट्रेंड

करियर से लेकर नौकरी तक की मन्नतें कागज पर उतार रहे युवा

Voice of Youth : भगवान के दरबार में चिट्ठियों से पहुंच रही युवाओं की अर्जी, सोशल मीडिया ने दिया आस्था को नया ट्रेंड
हाथ जोड़ने के साथ अब भगवान को चिट्ठी भी लिख रहे ,रील्स और ट्रेंडिंग ऑडियो दे रहे बढ़ावा

कोटा । कभी मंदिर की चौखट पर सिर झुकाकर और हाथ जोड़कर भगवान से मनोकामना मांगने वाले युवा अब अपने आराध्य के दरबार में चिट्ठियां लेकर पहुंच रहे हैं। इन चिट्ठियों में कोई नौकरी की गुहार लगा रहा है तो कोई परीक्षा में सफलता, बेहतर करियर और सुखद भविष्य की कामना लिख रहा है। सोशल मीडिया के दौर में भगवान से संवाद का यह अंदाज युवाओं के बीच नया ट्रेंड बनता जा रहा है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर 'अर्जी स्वीकार हुई' और 'मेरी अर्जी लग गई' जैसे ट्रेंडिंग ऑडियो और रील्स इस चलन को और लोकप्रिय बना रहे हैं। युवा इन रील्स को देखकर प्रेरित हो रहे हैं और मंदिरों में कागज पर अपनी मनोकामनाएं लिखकर छोड़ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि युवाओं के लिए यह केवल मनोकामना मांगने का तरीका नहीं, बल्कि भगवान से अपने मन की बात साझा करने का एक माध्यम भी बन रहा है। उनका मानना है कि जिस तरह हम अपने गुरु या मार्गदर्शक के सामने अपनी परेशानी और इच्छाएं रखते हैं, उसी तरह भगवान को भी लिखकर अपनी बात बताई जा सकती है। दैनिक नवज्योति के 'वॉयस ऑफ यूथ' में युवाओं ने भगवान को अर्जी लगाने के बढ़ते चलन, सोशल मीडिया के प्रभाव और सच्ची श्रद्धा को लेकर अपनी राय साझा की।

भविष्य की चिंता में भगवान का सहारा
हमारी संस्कृति में ईश्वर के प्रति आस्था हमेशा से रही है। आज का युवा अगर मंदिर में अर्जी लगाकर अपनी बात भगवान तक पहुंचाना चाहता है तो यह उसकी आस्था और मानसिक शांति का विषय है। युवा पढ़ाई, करियर और रोजगार को लेकर काफी चिंतित हैं। परीक्षाओं में देरी और रोजगार के कम अवसरों के कारण निराशा बढ़ती है। ऐसे में वह भगवान की शरण में जाकर अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त होना चाहता है। इसी को लेकर वह भगवान को अर्जी लगाता है । हालांकि, आस्था के साथ जरूरी है कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए और व्यवस्था इतनी पारदर्शी हो कि उन्हें उनकी मेहनत का फल समय पर मिल सके।
-सोनू गोचर, स्टूडेंट

सोशल मीडिया ने बना दिया ट्रेंड
भगवान के दरबार में अर्जी लगाना आज एक ट्रेंड बन गया है। सोशल मीडिया पर ऐसी कई रील्स देखने को मिलती हैं, जिनमें बताया जाता है कि भगवान को अर्जी लगाने से मनोकामनाएं जल्दी पूरी होती हैं। इन्हें देखकर कई युवा भी इस चलन से जुड़ रहे हैं। हालांकि, मेरा मानना है कि भगवान के सामने सच्चे मन से प्रार्थना करना ही सबसे महत्वपूर्ण है। श्रद्धा और विश्वास सच्चे हों तो अपनी बात कहने के लिए किसी खास तरीके की जरूरत नहीं होती।
-हर्षिता वर्मा, स्टूडेंट

मंदिरों में बढ़ रहा लिखकर अर्जी देने का चलन
भगवान सच्चे मन से की गई प्रार्थना जरूर सुनते हैं, लेकिन उन्हें लिखकर अर्जी देने का चलन भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पहले कुछ चुनिंदा मंदिरों में ही अर्जी लिखकर देने की व्यवस्था देखने को मिलती थी, लेकिन अब युवा दूसरे मंदिरों में भी अपनी मनोकामनाएं कागज पर लिखकर छोड़ने लगे हैं। कई युवाओं का मानना है कि ऐसा करने से मन की बात भगवान तक पहुंचाने का अहसास होता है और मन को शांति मिलती है।
-स्नेहा बिहानिया, स्टूडेंट

Read More नए ड्राइवरों का टेस्ट ले रहा बदहाल ट्रैक, गड्ढों में अटका लाइसेंस का रास्ता; 75 लाख की मरम्मत को जयपुर से मंजूरी का इंतजार

रील्स देखते-देखते मंदिरों तक पहुंच रहे युवा
पहले युवाओं का मंदिरों में जाना अपेक्षाकृत कम देखने को मिलता था, लेकिन अब सोशल मीडिया पर धार्मिक रील्स देखने के बाद उनकी मंदिरों में रुचि बढ़ रही है। युवा दर्शन करने के साथ भगवान के नाम अपनी अर्जी भी लिखकर लगाने लगे हैं। उन्हें लगता है कि अपनी इच्छाओं को कागज पर लिखकर भगवान के सामने रखने से मन को सुकून मिलता है और श्रद्धा भी मजबूत होती है। सोशल मीडिया ने युवाओं को आस्था जताने का एक नया तरीका दिया है।
-हर्ष राज सिंह तंवर, युवा

Read More मैं कोटा बैराज... 66 साल का हुआ, अब मरम्मत की दरकार

Post Comment

Comment List

Latest News

डीजे की धमक ने छीने शहनाई के सुर, कलाकारों की रोजी-रोटी पर संकट डीजे की धमक ने छीने शहनाई के सुर, कलाकारों की रोजी-रोटी पर संकट
40-45 साल से कला को समर्पित कलाकार आर्थिक संकट में, नई पीढ़ी ने भी पुश्तैनी पेशे से बनाई दूरी।
Voice of Youth : भगवान के दरबार में चिट्ठियों से पहुंच रही युवाओं की अर्जी, सोशल मीडिया ने दिया आस्था को नया ट्रेंड
HPV टीकाकरण अभियान में बड़ी उपलब्धि, 9 माह से कम समय में लगीं 1 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज 
ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में 24 से 30 नवंबर तक होगा श्री राम जानकी विवाह मंगल महोत्सव, प्रतिदिन शाम को बधाई उत्सव का आयोजन
पंचायत चुनाव : कांग्रेस में जिला प्रमुख-प्रधान चयन को लेकर सहमति नहीं, जयपुर सहित कई जिलों में विवाद 
19 साल के एमबीबीएस छात्र ने जाते-जाते बचाई चार जिंदगियां, अंगदान से कई मरीजों को मिली नई जिंदगी
दिन-दहाड़े फ्लैट से 2 आईपैड चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद