सेवा, समर्पण और संवेदना का केंद्र श्रीराम मंदिर, साधु-संतों के लिए 24 घंटे भोजन और विश्राम
माता सीता रसोई में प्रतिदिन जरूरतमंदों को मिलता है निःशुल्क भोजन
कोटा। धर्मस्थल केवल पूजा-अर्चना और दर्शन तक सीमित नहीं होते, बल्कि जब मंदिरों के द्वार जरूरतमंदों के भोजन, बीमारों के उपचार और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए खुलते हैं तो वे समाज के लिए सेवा और संवेदना के केंद्र बन जाते हैं। शहर के स्टेशन क्षेत्र स्थित श्रीराम मंदिर इसी भावना को साकार कर रहा है। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ भोजन, चिकित्सा और साधु-संतों की सेवा के माध्यम से मानवता का संदेश दिया जा रहा है। मंदिर प्रबंध समिति का संकल्प है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई व्यक्ति भूखा न रहे और न ही इलाज से वंचित हो। श्रीराम मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. सुधीर उपाध्याय ने बताया कि मंदिर में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कई लोग बीमारी के बावजूद आर्थिक परेशानी के कारण निजी अस्पतालों में जांच और उपचार नहीं करवा पाते। ऐसे लोगों की मंदिर में निशुल्क जांच की जाती है। वहीं, चिकित्सा से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी बाजार की तुलना में कम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाती हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक स्थिति के कारण किसी को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नहीं रहने देना है।
माता सीता रसोई में रोजाना परोसा जाता है भोजन
मंदिर में सेवा कार्यों को विस्तार देते हुए इसी वर्ष जनवरी में माता सीता रसोई की शुरुआत की गई। इसके माध्यम से प्रतिदिन शाम 5:30 से 6:30 बजे तक जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है। यह रसोई उन लोगों के लिए सहारा बन रही है, जिन्हें दो वक्त के भोजन की व्यवस्था करने में भी परेशानी होती है। इस सेवा से समाज के लोगों को जोड़ने के लिए मंदिर समिति ने 3100 और 5100 रुपए की रसीद की व्यवस्था की है। लोग अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर इन रसीदों के माध्यम से भोजन सेवा में सहयोग कर सकते हैं। समिति के उपाध्यक्ष हरि कुमार शर्मा ने बताया कि निर्धारित राशि से भोजन तैयार करवाकर जरूरतमंदों को परोसा जाता है। खास बात यह है कि रसीद कटे या नहीं, भोजन सेवा प्रतिदिन जारी रहती है। निर्धारित राशि से अधिक खर्च होने पर भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता। इस पहल से लोग अपनी खुशियों को जरूरतमंदों के साथ साझा कर रहे हैं।
साधु-संतों के लिए 24 घंटे भोजन और विश्राम
मंदिर में देश के किसी भी हिस्से से आने वाले साधु-संतों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध है। इसके अलावा प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे भगवान को बाल भोग लगाया जाता है। इसके बाद प्रसादी वितरित की जाती है, जिसका लाभ करीब 300 से 400 श्रद्धालु और अन्य लोग उठाते हैं।
56 किलो चांदी का गर्भगृह, 21 साल से अखंड ज्योत
सेवा गतिविधियों के साथ मंदिर की धार्मिक और स्थापत्य विशेषताएं भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। यहां भगवान श्रीराम का गर्भगृह 56 किलो चांदी से निर्मित है। वहीं, मंदिर में पिछले 21 वर्षों से अखंड ज्योत निरंतर प्रज्वलित है, जो श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। मंदिर की व्यवस्थाओं का संचालन सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है। प्रबंध समिति में 160 सदस्य हैं, जबकि 11 स्थायी सदस्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हैं। विभिन्न धार्मिक और सेवा कार्यों के संचालन में 32 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
खुशियों को सेवा से जोड़ने की पहल
श्रीराम मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता धार्मिक आस्था को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर भोजन सेवा के माध्यम से लोग जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास कर रहे हैं। चिकित्सा सहायता, माता सीता रसोई, प्रसादी वितरण और साधु-संतों की सेवा जैसी गतिविधियां मंदिर को केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि मानवता और अपनत्व का केंद्र बना रही हैं। समिति का प्रयास है कि यहां सहायता की उम्मीद लेकर आने वाला कोई भी जरूरतमंद निराश होकर नहीं लौटे।

Comment List