Voice Of Youth: कचौरी की खुशबू बरकरार, युवाओं की थाली में मोमोज-पास्ता का कब्जा!
मेहमानों के लिए आज भी कोटा की कचौरी पहली पसंद
कोटा। कभी कोटा की पहचान और हर उम्र के लोगों की पहली पसंद रही हींग वाली कचौरी, प्याज कचौरी और दाल कचौरी अब स्थानीय युवाओं की पसंद की सूची में पीछे खिसकती नजर आ रही है। अब शाम होते ही दोस्तों की टोली के कदम मोमोज, पास्ता और नूडल्स के स्टॉल की ओर बढ़ते हैं। दैनिक नवज्योति के 'वॉइस ऑफ यूथ' में युवाओं ने बदलते खानपान और अपनी पसंद को लेकर कुछ ऐसे ही विचार साझा किए।
मोमोज बना युवाओं की पहली पसंद
खाने-पीने के मामले में स्थानीय युवाओं की पहली पसंद अब मोमोज, पास्ता और नूडल्स बनते जा रहे हैं। यही वजह है कि शादी-पार्टियों में भी इनकी डिमांड सबसे ज्यादा रहती है। इनके स्टॉल पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिलती है। हालांकि दूसरे जिलों और प्रदेशों से आने वाले लोगों को आज भी कोटा की हींग वाली कचौरी, प्याज कचौरी और दाल कचौरी खूब पसंद आती है।
-रितु नागर, कॉलेज स्टूडेंट
सोशल मीडिया ने बदला खाने का ट्रेंड
सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के बाद युवाओं में फास्ट फूड खाने का शौक काफी बढ़ा है। इसमें भी मोमोज सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। हालांकि कई युवक-युवतियां आज भी पानी-पुरी और चाट खाना पसंद करते हैं, लेकिन मोमोज, नूडल्स और पास्ता खाने वालों की संख्या काफी ज्यादा है। युवाओं में बढ़ती लोकप्रियता के चलते इन फास्ट फूड आइटम्स के दाम भी काफी ज्यादा हो गए हैं।
-अभिषेक वर्मा, स्टूडेंट
कचौरी से ज्यादा पास्ता-नूडल्स भा रहे
पहले कचौरी खाने का काफी शौक था, लेकिन अब इसका उतना मन नहीं करता। अगर सामने दो प्लेट रखी हों, एक में कचौरी और समोसे हों तथा दूसरी में पास्ता, नूडल्स और मोमोज हों तो सबसे पहले दूसरी प्लेट उठाना पसंद करेंगे। अब यह केवल युवाओं की ही नहीं, बल्कि छोटे-छोटे बच्चों की भी पसंद बनता जा रहा है।
-सानिया मिर्जा, स्टूडेंट
दोस्तों के साथ मोमोज-नूडल्स का मजा
आजकल युवाओं के बीच खाने-पीने का ट्रेंड काफी बदल गया है। पहले जहां कचौरी और समोसे खाने का शौक रहता था, वहीं अब दोस्तों के साथ बाहर जाने पर मोमोज, पास्ता और नूडल्स खाना ज्यादा पसंद आता है। शाम के समय स्ट्रीट फूड के स्टॉल पर जाकर नए-नए स्वाद चखना युवाओं की पसंद बन गया है। हालांकि कोटा की कचौरी का स्वाद अपनी जगह खास है।
-जैनब मिर्जा, स्टूडेंट
कचौरी की पहचान बरकरार, बदला युवाओं का स्वाद
कोटा की कचौरी आज भी शहर की पहचान है। दूसरे शहरों से आने वाले मेहमान सबसे पहले कोटा की कचौरी खाने की इच्छा जताते हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं की पसंद अब बदल रही है। आजकल मोमोज, पास्ता और नूडल्स का क्रेज ज्यादा है। शादी-पार्टियों में भी इन्हीं के स्टॉल पर युवाओं की भीड़ नजर आती है।
-रक्षित खंडेलवाल, कॉलेज स्टूडेंट

Comment List