टेलीविजन की बदलती संस्कृति में भाषा और जनहित पर मंथन, तकनीक के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी अहम
जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने का आह्वान
जयपुर। बदलती टेलीविजन संस्कृति में तकनीक, भाषा, मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रसारण विशेषज्ञों ने विचार रखे। विश्व टेलीविजन दिवस की पूर्व संध्या पर 20 नवंबर को कम्युनिकेशन टुडे और भारतीय विद्यापीठ, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 245वीं वेबिनार में ‘बदलती टेलीविजन संस्कृति-तकनीक, कहानियां और समाज’ विषय पर चर्चा हुई।
आकाशवाणी के पूर्व उप महानिदेशक लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने दर्शकों को सामग्री चुनने की स्वतंत्रता दी है, लेकिन प्रसारण की भाषा, समाचार बहसों के स्तर और जनहित के मुद्दों पर गंभीर विमर्श की जरूरत है। बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और प्रदूषण जैसे विषयों को प्रमुखता मिलनी चाहिए। उन्होंने बच्चों के रचनात्मक कार्यक्रमों, अच्छी भाषा, स्पष्ट उच्चारण और संवेदनशील सामग्री पर जोर दिया।
दूरदर्शन, दिल्ली के पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम निदेशक डॉ. अमरनाथ अमर ने दूरदर्शन की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि, विज्ञान, स्वास्थ्य, साहित्य और क्षेत्रीय संस्कृतियों से जुड़े कार्यक्रमों ने जनजागरूकता में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने साहित्यिक कृतियों पर आधारित धारावाहिकों तथा भारतीय भाषाओं और विविध सामाजिक अनुभवों को प्रसारण में स्थान देने की परंपरा को रेखांकित किया। मोबाइल और लघु वीडियो के दौर में बच्चों के लिए उपयुक्त सामग्री तथा मीडिया समझ विकसित करने की आवश्यकता भी जताई।
राजस्थान विश्वविद्यालय के जनसंचार केंद्र के पूर्व अध्यक्ष एवं कम्युनिकेशन टुडे के संपादक प्रो. संजीव भानावत ने परिचर्चा का संचालन किया। चर्चा में मेरठ के मीडिया शिक्षक डॉ. सूरज देव प्रसाद ने भी विचार रखे। भारतीय विद्यापीठ के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर श्रीकांत सिंह ने वक्ताओं को ई-बुके और ई-स्मृतिचिह्न भेंट किए। आयोजन में जयंत राठी, पुष्पेंद्र सिंह, प्रियंका सिंह और डॉ. पृथ्वी सेंगर का योगदान रहा।

Comment List