कैनेडी परिवार पहुंचा अदालत: ट्रंप के प्रस्तावित 250 फुट ऊंचे विजय स्मारक को चुनौती, ऐतिहासिक स्वरूप से छेड़छाड़ का आरोप
राष्ट्रीय स्मारकों और विरासत स्थलों की रक्षा को लेकर बढ़ा विवाद
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान के पास प्रस्तावित 250 फुट ऊंचे विजय स्मारक के खिलाफ कैनेडी परिवार के नौ सदस्य कानूनी लड़ाई में शामिल हो गए हैं। परिवार का कहना है कि इस स्मारक के निर्माण से उनके परिजनों की कब्रों और राष्ट्रीय स्मारकों के ऐतिहासिक दृश्य बाधित होंगे। परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को वाशिंगटन डीसी की एक अदालत में याचिका दायर कर इस परियोजना को चुनौती देने वाले मौजूदा मुकदमे में शामिल होने की मांग की।
ऐतिहासिक स्वरूप से होगी छेड़छाड़
उनका कहना है कि प्रस्तावित स्मारक से राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी, सीनेटर रॉबर्ट एफ कैनेडी और सीनेटर एडवर्ड एम कैनेडी की कब्रों के साथ-साथ ‘एटरनल फ्लेम’ स्मारक का दृश्य भी बाधित होगा। परिवार ने दलील दी कि यह विशाल संरचना अमेरिकी सैनिकों की कब्रों, जिनमें कैनेडी परिवार के सदस्यों की कब्रें भी शामिल हैं, पर स्थाई रूप से छाया डालेगी और कब्रिस्तान के ऐतिहासिक स्वरूप को प्रभावित करेगी। कई कानूनी सवाल भी खड़े होते हैं। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, रोरी कैनेडी और मैक्सवेल कैनेडी ने कहा कि प्रस्तावित संरचना देश के लिए बलिदान देने वाले हजारों अमेरिकी सैनिकों की कब्रों पर छाया डालेगी। इस परियोजना से लोकतांत्रिक सिद्धांतों और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों की रक्षा करने वाले कानूनी प्रावधानों को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

Comment List