जयपुर सिल्वर शो में दूसरे दिन उमड़े विजिटर, चांदी के राम दरबार और हनुमान प्रतिमा ने खींचा ध्यान
तीन हॉल में 300 बूथों पर सजी चांदी के आभूषणों से लेकर मूर्तियों
जयपुर। बीएम बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित जयपुर सिल्वर शो के दूसरे दिन विजिटर्स की भारी भीड़ उमड़ी। शो में चांदी से तैयार आकर्षक कलाकृतियां, धार्मिक मूर्तियां और ज्वैलरी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यहां प्रदर्शित चांदी का राम दरबार, संकटमोचक हनुमान जी और जयपुर के आराध्य देव श्री राधा गोविंद देव जी की मूर्तियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
जयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों से आए कारोबारियों ने शो में अपने स्टॉल लगाए हैं। खास बात यह है कि जयपुर में पहली बार चांदी के कारोबार से जुड़े इतने व्यापक उत्पाद एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किए जा रहे हैं। शो के तीन हॉल में करीब 300 बूथ लगाए गए हैं, जहां चांदी की ज्वैलरी, देवी-देवताओं की मूर्तियां, बर्तन, गिफ्ट आर्टिकल्स और सजावटी उत्पादों की विस्तृत रेंज देखने को मिल रही है।
शो में पारंपरिक चांदी के उत्पादों के साथ आधुनिक डिजाइन और बदलती ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार की गई वैरायटी भी प्रदर्शित की गई है। धार्मिक आस्था से जुड़े उत्पादों के साथ आकर्षक गिफ्ट आइटम और उपयोगी चांदी के बर्तनों ने भी खरीदारों और कारोबारियों का ध्यान खींचा है।
आयोजन कारोबारियों के लिए नए उत्पादों, डिजाइन और बाजार के रुझान समझने का अवसर बन रहा है। वहीं, एक ही स्थान पर चांदी के विभिन्न उत्पादों की इतनी बड़ी रेंज उपलब्ध होने से ज्वैलरी कारोबारियों, रिटेलर्स और अन्य खरीदारों को भी अपनी पसंद के उत्पादों और नए व्यावसायिक संपर्कों के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।

Comment List