Voice Of Youth: अन्याय के खिलाफ मुखर हो रहा युवा, राजनीति को बना रहा बदलाव का हथियार
संगठन की ताकत को समझ रही युवा पीढ़ी
कोटा। आज का युवा पहले की तुलना में अधिक जागरूक, सजग और सक्रिय हो गया है। अपनी बात रखने की आजादी के लिए राजनीतिक मुद्दों पर भी मुखर होकर अपनी राय रख रहा है। राजनीति को वह अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया बनाना चाहता है। दैनिक नवज्योति के 'वॉइस ऑफ यूथ' अभियान में युवाओं ने अपनी राय रखते हुए कहा कि एकजुटता और संगठन की ताकत से ही उनकी आवाज को प्रभावी बनाया जा सकता है।
युवा पहले से ज्यादा जागरूक और सक्रिय
आज के युवा की सोच और दृष्टिकोण में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। वह अब केवल अपने व्यक्तिगत हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और देश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखता है। वह अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भली-भाँति समझता है तथा अन्याय, शोषण, भेदभाव और असमानता के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस रखता है।
-वन्दना मेरोठा, स्टूडेंट
लोकतांत्रिक माध्यमों से बुलंद कर रहे आवाज
पहले युवा अपनी परेशानियों और मुद्दों पर खुलकर बोलने से हिचकिचाते थे, लेकिन अब वे राजनीति और लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। अपनी समस्याओं और अधिकारों के लिए ज्ञापन, रैली, धरना-प्रदर्शन और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक बात पहुंचा रहे हैं। वर्तमान समय का युवा केवल समस्याओं पर चर्चा करने या उनके प्रति असंतोष व्यक्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि उन समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
-खुशी मीणा, स्टूडेंट
राजनीति को बदलाव का माध्यम मान रहे युवा
आज का युवा अन्याय, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, शिक्षा और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रख रहा है। वह जनआंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों, ज्ञापन और जनप्रतिनिधियों से संवाद के जरिए सरकार और प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचा रहा है। युवा राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनहित के मुद्दों को उठाने का सशक्त जरिया मानने लगे हैं। मैंने भी हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने का प्रयास किया है।
-अल्फेज मिर्जा, स्टूडेंट
संगठन से जुड़ने पर मिली आवाज उठाने की हिम्मत
पहले युवा गलत के खिलाफ बोलने या कोई कदम उठाने से पहले सोचते थे, लेकिन अब हम अपने आसपास के लोगों और जनप्रतिनिधियों को देखकर भी बहुत कुछ सीखते हैं। इससे गलत के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत मिलती है। कॉलेज में पेयजल समस्या को लेकर भी हमने एनएसयूआई टीम के साथ मिलकर आवाज उठाई। छात्र संगठन से जुड़े रहने के कारण अपनी बात मजबूती से रखने का आत्मविश्वास और हौसला मिला है।
-फैज़ल मिर्जा, स्टूडेंट

Comment List