बोत्सवाना से आई मादा चीता ने कूनो में रचा इतिहास, 4 शावकों को दिया जन्म
कूनो के जंगल में बढ़ा चीता परिवार, चार नन्हे मेहमानों से बढ़ी रौनक
नई दिल्ली। बोत्सवाना से भारत लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता केओएमजी 3 ने मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान के जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही देश में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि केओएमजी 3 भारत में शावकों को जन्म देने वाली बोत्सवाना से लाई गई पहली मादा चीता है। उनका कहना था कि इस मादा चीता ने शावकों को जन्म देने से पहले चार महीने से अधिक समय जंगल में प्राकृतिक परिस्थितियों में बिताया।
उन्होंने यह भी कहा कि 2022 में प्रोजेक्ट चीता शुरू होने के बाद जंगल में शावकों के जन्म की यह दूसरी घटना है। चार शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं। श्री यादव ने इस उपलब्धि को प्रोजेक्ट चीता के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह भारत में चीतों की व्यवहार्य आबादी को फिर से स्थापित करने की दिशा में गौरवपूर्ण सफलता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नए शावक के जन्म से संरक्षण के प्रति उम्मीद और प्रतिबद्धता मजबूत होती है। केंद्रीय मंत्री ने परियोजना प्रबंधकों, पशु चिकित्सकों, वन विभाग के अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों और इस परियोजना से जुड़े अन्य लोगों के समर्पण, प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए धैर्य, लगन और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता होती है।

Comment List