Weather Update : उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, फतेहपुर में पारा 6 डिग्री से नीचे
संभागों में बढ़ेगी सर्दी
जयपुर। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के असर से राजस्थान में सर्दी तेज हो गई है। बीती रात सीकर, चूरू, पिलानी, फतेहपुर, अलवर और नागौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। तापमान में अचानक गिरावट के चलते इन शहरों में रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में सीकर के फतेहपुर में सबसे अधिक सर्दी रही, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है, लेकिन उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण कई इलाकों में सर्दी का असर बना रहेगा।
विशेषकर बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। वहीं दक्षिणी राजस्थान में अपेक्षाकृत कम सर्दी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना बेहद कम है। आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने के साथ दिन में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

Comment List