Weather Update: राजस्थान में सर्दी का जोर, फतेहपुर में पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस
सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया
जयपुर। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में ठंड बढ़ा दी है। लगातार दूसरे दिन राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शेखावाटी क्षेत्र में इस सीजन में पहली बार रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा और सर्दी का असर बना रहेगा। मंगलवार को प्रदेशभर में दिनभर आसमान साफ रहा और अच्छी धूप निकली। इसके चलते कई शहरों में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री तक बढ़ोतरी हुई, लेकिन सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया।
सीकर जिले के फतेहपुर में मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सीकर में रात का पारा 8 डिग्री रहा। वहीं पिलानी में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में तापमान 10.7 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल किसी बड़े मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। अगले सात दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, जबकि सुबह-शाम ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

Comment List