राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान, संरक्षण और विकास पर सीएम का जोर
प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और विकास को लेकर राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान की गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने के साथ उसके प्रचार-प्रसार और विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की विरासत प्रदेश के समृद्ध इतिहास, अद्वितीय स्थापत्य कला और सांस्कृतिक वैभव की अमूल्य पहचान है। किले, महल, ऐतिहासिक स्मारक, प्राचीन धरोहरें और लोक संस्कृति राजस्थान की विशिष्ट पहचान को दुनिया के सामने प्रस्तुत करते हैं।
इनका संरक्षण केवल ऐतिहासिक स्थलों को सुरक्षित रखना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान दिलाने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिष्ठा बढ़ाई जाए। इसके लिए संरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि राजस्थान की विरासत पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान का मजबूत आधार बन सके।

Comment List