वर्ल्ड कप पोलो क्वालिफायर : पाकिस्तान से हारा भारत, ईरान से होगी अगली भिड़ंत
6-4.5 से जीत हासिल की
जयपुर । नाइजीरिया में चल रहे वर्ल्ड कप पोलो चैंपियनशिप के जोन ई क्वालिफायर मुकाबले में शुक्रवार को भारत को पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। नाइजीरिया के अबुजा में खेले मुकाबले में पाकिस्तान ने 6-4.5 से जीत हासिल की। आज खेले एक अन्य मैच में ईरान ने मेजबान नाइजीरिया पर 11-2.5 से प्रभावी जीत दर्ज की। अपने पहले मैच में नाइजीरिया के खिलाफ जीत हासिल करने वाली भारतीय टीम ने आज एक बदलाव करते हुए शमशीर अली की जगह सिद्धांत शर्मा को शामिल किया। लेकिन मैच में टीम आज लय में नजर नहीं आई। पाकिस्तान ने पहले हाफ की शुरुआत में ही दो गोल ठोक बढ़त हासिल कर ली। आधा गोल का एडवांटेज लेकर खेली भारतीय टीम ने चक्कर की समाप्ति से पहले एक गोल किया।
दूसरे चक्कर में पाकिस्तान ने तीसरा गोल किया लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो गोल ठोक पहली बार मैच में आधा गोल की बढ़त हासिल की। हालांकि चक्कर की समाप्ति से पहले पाकिस्तान ने स्कोर 4-3.5 कर दिया। तीसरे चक्कर का एकमात्र गोल पाकिस्तान की ओर से हुआ और स्कोर 5-3.5 रहा। वहीं आखिरी चक्कर में पाकिस्तान ने छठा गोल कर बढ़त मजबूत कर ली। भारत ने एक गोल कर वापसी के प्रयास किए लेकिन नाकाम रहे। भारत का अगला मुकाबला ईरान से होगा।

Comment List