एनवीडिया CEO का बड़ा कबूलनामा, चीनी जासूस से रिश्ते पर मांगी माफी
कर्मचारियों को ईमेल कर बोले एनवीडिया CEO
न्यूयॉर्क। दुनिया की दिग्गज एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। उन्होंने अपने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में परिवार को दुख पहुंचाने की बात स्वीकार की है। यह मामला एक संदिग्ध चीनी जासूस से उनके कथित करीबी संबंधों से जुड़ा है। विवाद सामने आने के बाद कंपनी के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि हुआंग चीन की एक कथित जासूसी साजिश के निशाने पर थे। इस साजिश में चीनी महिला कारोबारी की भूमिका बताई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की वरिष्ठ अधिकारी एलिस पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को चीन के लिए जासूसी करने का संदेह था। आरोप है कि उसने हुआंग से नजदीकियां बढ़ाईं और एनवीडिया की उन्नत एआई चिप्स व गोपनीय जानकारियां बीजिंग तक पहुंचाने की कोशिश की।
हुआंग ने ईमेल में अपने परिजनों से माफी मांगी। उन्होंने इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हुए परिवार का भरोसा दोबारा जीतने की उम्मीद जताई। हुआंग ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों पर भी जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह अपनी कंपनी की सुरक्षा और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

Comment List