राजस्थान पुलिस अकादमी में साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 का शुभारंभ, 37 टीमें खोजेंगी साइबर अपराधों से निपटने के तकनीकी समाधान
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
जयपुर। राजस्थान पुलिस अकादमी में साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने हैकाथॉन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह भास्कर ए. सावंत सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मंच पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, डीजी (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल तथा एडीजीपी श्री संजीव नार्जरी उपस्थित रहे। वहीं, एडीजीपी वी.के. सिंह ने देशभर से आए साइबर विशेषज्ञों, विद्यार्थियों और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया।
इस हैकाथॉन में देशभर से चयनित 109 प्रतिभागी 37 टीमों के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। ये टीमें लगातार 24 घंटे तक साइबर अपराधों की रोकथाम और उनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नवीन तकनीकी समाधान विकसित करेंगी।
हैकाथॉन का प्रमुख फोकस साइबर ठगी की रकम पीड़ितों को वापस दिलाने पर रहेगा। इसके तहत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और ठगी की रकम की मनी रिकवरी के लिए नए तकनीकी रास्ते तलाशे जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए भी प्रभावी समाधान विकसित किए जाएंगे।
हैकाथॉन का समापन समारोह 29 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें उत्कृष्ट तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने वाली विजेता टीमों को कुल 5 लाख रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

Comment List