बूंदी और बालोतरा में 902 करोड़ से बनेंगे आधुनिक औद्योगिक पार्क, केंद्र को भेजे जाएंगे प्रस्ताव
चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में 434.15 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव
जयपुर। राजस्थान में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बूंदी और बालोतरा में दो आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने की तैयारी है। भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत कुल 902.64 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 681.33 एकड़ क्षेत्र में ये पार्क विकसित किए जाएंगे। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को राज्य स्तरीय समिति की बैठक में दोनों प्रस्तावों का आर्थिक व्यवहार्यता आकलन कर 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए। रीको की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार बूंदी जिले में लाखेरी के निकट खरायता में 370.05 एकड़ भूमि पर 468.49 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक पार्क विकसित होगा। वहीं, बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के पास बोरावास-कलावा के द्वितीय चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में 434.15 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।
इन पार्कों में सड़क, बिजली, पानी और भंडारण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही प्लग एंड प्ले व्यवस्था, श्रमिक आवास और हरित क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे। इससे उद्योगों की स्थापना आसान होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा। केंद्र की भव्य योजना में देशभर में 100 औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य है। इसके तहत प्रति एकड़ अधिकतम एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। चयनित पार्कों को अंतिम मंजूरी के बाद दो साल में विकसित करना होगा।

Comment List