पाली में भाजपा जिला परिषद सदस्य चौथाराम मेघवाल को नोटिस, 5 दिन में मांगा जवाब
पार्टी ने माना अनुशासनहीनता
जयपुर। पाली जिला परिषद में जिला प्रमुख पद के उम्मीदवार के चयन को लेकर भाजपा में उपजा विवाद अब अनुशासनात्मक कार्रवाई तक पहुंच गया है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने वार्ड 28 से पार्टी के जिला परिषद सदस्य चौथाराम मेघवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने उन पर सार्वजनिक रूप से राजस्थान भाजपा के पदाधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि चौथाराम मेघवाल भाजपा के चुनाव चिह्न पर जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इसके बावजूद जिला प्रमुख पद के उम्मीदवार चयन के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पार्टी ने उनके इस कृत्य को पार्टी संविधान के विरुद्ध और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है।
नोटिस में चौथाराम मेघवाल से पत्र प्राप्ति के पांच दिन के भीतर आरोपों पर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर यह मान लिया जाएगा कि उन्हें आरोपों के संबंध में कुछ नहीं कहना है।

Comment List