सिपेट में कल से जुटेंगे देश-विदेश के वैज्ञानिक, 3 दिन होगा पेट्रोरसायन तकनीक पर मंथन
17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएम-2026 का आयोजन किया जाएगा
जयपुर। पेट्रोरसायन और पॉलिमर तकनीक में नए अनुसंधान, औद्योगिक नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं पर चर्चा के लिए शनिवार से जयपुर में देश-विदेश के वैज्ञानिक और उद्योग विशेषज्ञ जुटेंगे। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) की ओर से 28 से 30 नवंबर तक 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएम-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री सम्मानित हस्तियों सहित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस बार सम्मेलन की थीम 'विकसित भारत-2047 के लिए उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, सुरक्षा और सतत विकास' रखी गई है। शुक्रवार को सिपेट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में महानिदेशक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य अनुसंधान संस्थानों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर नई तकनीकों और शोध के व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना है।
पद्म सम्मानित हस्तियां साझा करेंगी अनुभव: सम्मेलन में पद्म विभूषण प्रो. एमएम शर्मा, पद्म भूषण एवं पद्मश्री डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पद्मश्री प्रो. गणपति डी. यादव और पद्मश्री प्रो. आशुतोष शर्मा प्रमुख वक्ताओं में शामिल होंगे। इनके अलावा देश-विदेश के कई विशेषज्ञ तकनीकी सत्रों में अपने विचार रखेंगे।
शोध पत्रों और पोस्टर प्रस्तुतियों पर रहेगा फोकस: तीन दिवसीय आयोजन में मौखिक शोध प्रस्तुतियां और पोस्टर प्रस्तुतियां होंगी। इनमें शोधकर्ता और युवा वैज्ञानिक अपने अनुसंधान और तकनीकी उपलब्धियों को विशेषज्ञों के सामने रखेंगे। सत्रों में उन्नत पॉलिमर सामग्री, विशेष रसायन, गुणवत्ता परीक्षण, औद्योगिक सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण, जैव-प्लास्टिक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर चर्चा होगी।
स्टार्टअप, एमएसएमई और विद्यार्थियों को भी मौका: सम्मेलन में क्रेता-विक्रेता बैठक, स्टार्टअप एवं नवाचार बैठक, एमएसएमई कॉन्क्लेव और उद्योग-अकादमिक संवाद मंच आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए नवाचार एवं पोस्टर प्रतियोगिता के साथ यंग इंडिया हैकाथॉन भी होगा। इसके अलावा सिपेट के ऑनलाइन शिक्षण मंच और विद्यार्थियों के लिए वित्तीय सहायता योजना की शुरुआत की जाएगी। प्लास्टिक के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 'नो प्लास्टिक्स टू नो प्लास्टिक्स' अभियान और सिपेट लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026 भी आयोजित होंगे।
उद्योगों की चुनौतियों पर भी होगा मंथन: प्लास्टिक, पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, चिकित्सा और निर्माण जैसे क्षेत्रों में पॉलिमर तकनीक की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए सम्मेलन में उद्योगों की जरूरतों पर भी चर्चा होगी। ऊर्जा दक्षता, उत्पादन लागत में कमी, बेहतर गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। आयोजन में यूफ्लेक्स, बलरामपुर चीनी मिल्स, एचपीसीएल-मित्तल एनर्जी, इंडियन ऑयल, इंडोरामा वेंचर्स सहित कई औद्योगिक संस्थानों का सहयोग मिल रहा है। सिपेट महानिदेशक प्रो. शिशिर सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वदेशी तकनीक, कौशल विकास और औद्योगिक आत्मनिर्भरता जरूरी है। एपीएम-2026 के जरिए शोध और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Comment List