नैनवां पंचायत समिति प्रधान चुनाव : विधायक अशोक चांदना सहित 12-13 लोगों पर राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई
जयपुर। बूंदी जिले की नैनवां पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान पुलिस और विधायक अशोक चांदना की टीम के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता, धक्का-मुक्की और बैरिकेड्स हटाकर जबरन वाहन अंदर ले जाने के प्रयास के आरोप में हिंडोली-नैनवां विधायक अशोक चांदना सहित उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
बूंदी एसपी अवनीश कुमार शर्मा के अनुसार, नैनवां पंचायत समिति प्रधान चुनाव के मद्देनजर चुंगी नाका क्षेत्र में पंचायत समिति के सामने पुलिस जाब्ता बैरिकेडिंग पर तैनात था। पुलिसकर्मी देई रोड की तरफ आने-जाने वाले वाहनों को रोककर व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान विधायक अशोक चांदना अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक के साथ आए हंसराज गुर्जर, सद्दाम हुसैन, तुलसीराम सांगोदा, आशुतोष नागर, साहिद खान, बलराम उर्फ बाबा गुर्जर और अन्य 5-6 लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को डराया-धमकाया और उनके साथ अभद्रता व धक्का-मुक्की की। आरोप है कि उन्होंने बैरिकेड्स को जबरन ऊंचा कर अपनी गाड़ी पंचायत समिति परिसर में ले जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जाब्ते ने उन्हें रोक दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने इस संबंध में करवर थाने में प्रकरण संख्या 371/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132, 189(2) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(VA) के तहत कार्रवाई की गई है। प्रकरण का अनुसंधान सीआईडी-सीबी, पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा किया जाएगा।

Comment List