साइबर ठगी रोकने के लिए जयपुर में जुटेंगे देशभर के टेक्निकल एक्सपर्ट, 37 टीमें 24 घंटे में खोजेंगी समाधान
1930 हेल्पलाइन और रकम रिकवरी पर रहेगा फोकस
जयपुर। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल को तोड़ने और पुलिस की जांच को तकनीक के दम पर मजबूत बनाने के लिए राजस्थान पुलिस ने बड़ी पहल की है। जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में 28 और 29 नवंबर को साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 आयोजित होगा। इसमें देशभर से चयनित 37 टीमें लगातार 24 घंटे तक काम कर साइबर ठगी रोकने, पीड़ितों की रकम वापस दिलाने और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी समाधान विकसित करेंगी। राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से आयोजित इस हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह भास्कर ए. सावंत करेंगे।
समापन समारोह 29 नवंबर को शाम 4 बजे होगा। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे। एडीजी साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना है। इसमें 1930 साइबर हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण, ठगी की रकम की रिकवरी, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम तथा साइबर अपराधों की जांच में ऑटोमेशन पर विशेष फोकस रहेगा।

Comment List