4 दिसंबर को डीआरटी जयपुर में विशेष लोक अदालत, 4 हजार प्रकरणों के निस्तारण की तैयारी
बैंकों को 400 करोड़ रुपए की वसूली की उम्मीद
जयपुर। ऋण वसूली अधिकरण डीआरटी, जयपुर और डीआरटी बार एसोसिएशन की ओर से 4 दिसंबर को तीसरी विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें किसानों और अन्य ऋणकर्ताओं के करीब 4 हजार प्रकरण रखकर आपसी सहमति से निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। ऋण वसूली अपीलीय अधिकरण, दिल्ली के अध्यक्ष न्यायमूर्ति डॉ. सुधीर कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में लोक अदालत का शुभारंभ करेंगे। डीआरटी के पीठासीन अधिकारी विमल गुप्ता ने बताया कि पिछली दो विशेष लोक अदालतों में 750 से अधिक प्रकरणों का निस्तारण हुआ और बैंकों को करीब 750 करोड़ रुपए की वसूली हुई।
पहली लोक अदालत 14 नवंबर 2025 को हुई थी, जबकि दूसरी 8 मई 2026 को आयोजित की गई, जिसमें 500 से अधिक मामलों का निस्तारण और 300 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली हुई थी। इस बार करीब 400 करोड़ रुपए की वसूली की संभावना जताई गई है। विशेष लोक अदालत समन्वय समिति के संयोजक अनिल शर्मा ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से ऐसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजने का आग्रह किया है, जिन्हें रियायत देने और 31 मार्च 2027 तक भुगतान की अवधि मंजूर करने का अधिकार हो। पक्षकार 4 दिसंबर से पहले बैंक शाखा या अधिवक्ता से संपर्क कर प्रकरण संख्या, ऋण खाते का विवरण और भुगतान प्रस्ताव दे सकते हैं।

Comment List