मद्रास उच्च न्यायालय का बड़ा फ़ैसला: दो सीटों से हटाया प्रतिबंध, आयोग को उपचुनाव कराने की अनुमति
विरालिमलाई और करूर सीटों पर उपचुनाव की रोक जारी
चेन्नई। मद्रास उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को पांच में से दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने का रास्ता साफ कर दिया है और चुनाव आयोग को तमिलनाडु की अंबासमुद्रम और पेरुंदुरई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की अनुमति दे दी। अदालत ने हालांकि तिरुचि पूर्व, विरालिमलाई और करूर की तीन अन्य सीटों पर उपचुनाव कराने पर लगी रोक बरकरार रखी। उच्च न्यायालय ने कहा कि इन तीनों सीटों पर उपचुनाव तभी कराए जा सकते हैं, जब जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 84 के तहत दायर लंबित चुनाव याचिकाओं का पूरी तरह निपटारा हो जाए। इन याचिकाओं में किसी अन्य उम्मीदवार को निर्वाचित प्रतिनिधि घोषित करने की मांग की गयी है।
मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने यह फैसला सुनाया। पीठ ने एक अक्टूबर को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। उसने दक्षिणी तिरुनेलवेली जिले के पलायमकोट्टई के अधिवक्ता के. वेंकटचलपति की ओर से दायर जनहित याचिका पर आंशिक रूप से फैसला सुनाया। याचिका में लंबित चुनाव याचिकाओं के मद्देनजर निर्वाचन आयोग को पांचों सीटों पर उपचुनाव कराने से रोकने की मांग की गई थी। पीठ ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग अंबासमुद्रम और पेरुंदुरई सीटों पर उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है, जबकि बाकी तीन सीटों पर रोक जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि सितंबर और अक्टूबर में उच्च न्यायालय की अलग-अलग पीठों ने पेरुंदुरई सीट से संबंधित चुनाव याचिका खारिज कर दी थी। वहीं, अंबासमुद्रम में उपविजेता को निर्वाचित घोषित करने की मांग वाली याचिका भी खारिज कर दी गई थी। इससे इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराने की कानूनी बाधाएं दूर हो गयी थीं। इस मामले की सुनवाई के दौरान जब मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और श्री आधव अर्जुन के वकीलों ने दो सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा, तो प्रथम पीठ ने उनकी मांग ठुकरा दी। पीठ ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 86 के तहत चुनाव याचिकाओं का निपटारा छह महीने के भीतर किया जाना आवश्यक है।
सीएम विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता था और बाद में चेन्नई की पेरम्बूर सीट बरकरार रखते हुए तिरुचि पूर्व सीट छोड़ दी थी। तीन दिन तक चली अंतिम सुनवाई के दौरान उन्होंने दलील दी कि विधानसभा क्षेत्रों को खाली नहीं रखा जाना चाहिए और इसलिए उपचुनाव कराए जाने चाहिए। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने इसका विरोध किया। इस मामले में केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और तमिलनाडु विधानसभा सचिवालय को प्रतिवादी बनाया गया था। विजय की ओर से दलीलें पूरी होने के बाद विधानसभा सचिवालय ने कहा कि उसके पास इस मामले में कुछ और कहने को नहीं है और वह लंबित याचिकाओं के निपटारे का इंतजार करेगा। वहीं, केंद्र सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि उपचुनाव कराने के संबंध में फैसला निर्वाचन आयोग पर छोड़ दिया गया है।
चुनाव आयोग ने विजय की दलील का विरोध करते हुए कहा कि अदालत में लंबित याचिकाओं का निपटारा होने तक वह उपचुनाव नहीं कराएगा। हालांकि, आयोग ने अपने लिखित जवाब में कहा कि पेरुंदुरई सीट पर उपचुनाव कराने में कोई बाधा नहीं है, क्योंकि अदालत वहां से संबंधित चुनाव याचिका पहले ही खारिज कर चुकी है। आयोग ने यह भी कहा कि यदि इस सीट पर कोई अन्य रोक नहीं लगाई जाती है, तो वह उपचुनाव कराने के लिए तैयार है।
तिरुचि पूर्व, करूर, अंबासमुद्रम, विरालिमलाई और पेरुंदुरई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा पर रोक लगाई गई थी, जबकि मदुरांतकम और धारापुरम सहित कुल सात सीटें खाली हुई थीं। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने मदुरांतकम और धारापुरम सीटों पर उपचुनाव करा दिए थे। इन सात रिक्त सीटों में से छह पर अन्नाद्रमुक का कब्जा था, जबकि एक सीट तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के संस्थापक अध्यक्ष विजय के पास थी। विधानसभा सचिवालय ने इसके बाद सभी सीटों को रिक्त घोषित कर दिया और इन सीटों पर उपचुनाव कराने का रास्ता साफ करते हुए निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को भी इसकी सूचना दे दी। इनमें से पांच सीटों पर निर्वाचित उम्मीदवारों की जीत को चुनौती देते हुए चुनाव याचिकाएं दायर की गई थीं।
तिरुचि ईस्ट सीट विजय के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी, जबकि अंबासमुद्रम सीट मौजूदा विधायक इसक्की सुब्बैया के इस्तीफे से खाली हुई। पेरुंदुरई सीट मौजूदा विधायक एस. जयकुमार के पद छोड़ने के बाद रिक्त हुई। बाद में करूर और विरालीमलाई सीटें भी मौजूदा विधायकों तथा अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्रियों एम. आर. विजयभास्कर और डॉ. सी. विजयभास्कर के इस्तीफे के कारण खाली हो गईं। मदुरांतकम और धारापुरम सीटें अन्नाद्रमुक की विधायक मरगाथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थीं। इन दोनों ने बाद में टीवीके के टिकट पर फिर से चुनाव लड़ा और हाल ही में हुए उपचुनावों में अपनी-अपनी सीटें बरकरार रखीं।
सीएम विजय की ओर से विधानसभा में पेश विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने और इस दौरान पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने के बाद इस्तीफा देने वाले अन्नाद्रमुक के सभी छह विधायक अब टीवीके में शामिल हो चुके हैं। इस्तीफों के बाद अन्नाद्रमुक ने विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर से अनुरोध किया था कि वे मरगाथम कुमारवेल, सत्यबामा, जयकुमार और इसक्की सुब्बैया के इस्तीफे स्वीकार न करें, क्योंकि उनके खिलाफ अयोग्यता संबंधी कार्यवाही लंबित थी। वहीं, तिरुचि ईस्ट से चुनाव हार चुके द्रमुक उम्मीदवार इनिगो इरुदयराज ने विजय की जीत को चुनौती दी है। उन्होंने दोनों सीटों के लिए दाखिल हलफनामों में विसंगतियों का हवाला देते हुए विजय के निर्वाचन को शून्य घोषित करने और याचिकाकर्ता को विजेता घोषित करने की मांग की है।
पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने वाले ये छह पूर्व विधायक उन 25 बागी विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने विधानसभा में टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान किया था। हालांकि, अन्नाद्रमुक ने इन 25 विधायकों में से 21 की ओर से मांगी गयी माफी स्वीकार कर उन्हें क्षमा कर दिया था। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उनके खिलाफ अयोग्यता संबंधी कार्यवाही बंद कर दी, जबकि शेष चार विधायकों के खिलाफ कार्यवाही शुरू की गयी। बाद में अन्नाद्रमुक ने विधानसभा अध्यक्ष से दो और विधायकों- सी. विजयभास्कर और एम. आर. विजयभास्कर को अयोग्य घोषित करने की मांग की। इन दोनों ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर टीवीके का दामन थाम लिया था। वे पार्टी आलाकमान की ओर से माफ किए गए 21 विधायकों में शामिल थे।
पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दोनों श्री विजयभास्करों के इस्तीफे स्वीकार करने और विरालीमलाई तथा करूर निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें रिक्त घोषित करने संबंधी अधिसूचना जारी करने के फैसले को मद्रास उच्च न्यायालय में चुनौती दी। इससे पहले पूर्व मंत्री और अन्नाद्रमुक के सचेतक अग्री एस. एस. कृष्णमूर्ति ने भी इस संबंध में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने 13 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष प्रभाकर द्वारा टीवीके में शामिल हुए अन्नाद्रमुक के छह विधायकों के इस्तीफे स्वीकार करने के फैसले को बरकरार रखा था। साथ ही, अदालत ने उन्हें शेष चार विधायकों के खिलाफ लंबित अयोग्यता संबंधी कार्यवाही दो महीने के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया था।

Comment List