राजस्थान के स्वास्थ्य नवाचारों की केंद्र की टीम ने की सराहना, प्रसव सखी हेल्प डेस्क और मां वाउचर योजना को सराहा
14 सदस्यीय केंद्रीय दल ने झालावाड़-हनुमानगढ़ के अस्पतालों का किया निरीक्षण
जयपुर। राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों को केंद्र सरकार की टीम ने सराहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 18वें कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) के तहत आए 14 सदस्यीय केंद्रीय दल ने प्रसव सखी हेल्प डेस्क, बुजुर्गों के लिए रामाश्रय वार्ड, पिंक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गर्भवती महिलाओं के लिए मां वाउचर योजना को उपयोगी पहल बताया।
केंद्रीय दल ने झालावाड़ और हनुमानगढ़ जिलों में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्य योजनाओं, आधारभूत ढांचे और निःशुल्क दवा एवं जांच योजना की स्थिति देखी। शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में समीक्षा एवं फीडबैक बैठक हुई। इसमें केंद्रीय संयुक्त स्वास्थ्य सचिव और दल की पर्यवेक्षक रितु शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
डायबिटीज और लिवर संबंधी कार्यक्रमों को भी सराहा केंद्रीय टीम ने बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज की पहचान और उपचार के लिए मिशन मधुहारी तथा मिशन लिवर स्माइल की भी सराहना की। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने वाली मां वाउचर योजना को महत्वपूर्ण बताया। टीम ने नए चिकित्सा अधिकारियों के लिए पुनश्चर्या प्रशिक्षण, दवाओं की आपूर्ति व्यवस्था, वास्तविक समय में भंडार प्रबंधन और हब एंड स्पोक मॉडल के तीसरे पक्ष से मूल्यांकन जैसे विषयों पर सुझाव दिए।
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में दल ने जयपुर मुख्यालय क्षेत्र के साथ दोनों जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। टीम के सुझावों के आधार पर सामने आई कमियों को दूर करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, एनएचएम मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने कहा कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने और रेफरल व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैठक में आरएमएससीएल के प्रबंध निदेशक पुखराज सेन, अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List