राजस्थान में फेस्टिव सीजन 2026 : कुल वाहन बिक्री 4.16 लाख पार, 4.72% की वृद्धि
दोपहिया वाहनों (2W) ने सबसे ज्यादा योगदान दिया
जयपुर। राजस्थान में त्योहारी सीजन 2026 के दौरान वाहनों की खुदरा बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के अनुसार, फेस्टिव’26 (11 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026) में राज्य में कुल 4,16,319 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष के फेस्टिव’25 (3,97,538) की तुलना में 4.72 प्रतिशत अधिक है। दो साल पहले फेस्टिव’24 की तुलना में यह वृद्धि 24.78 प्रतिशत रही। फाड़ा राजस्थान के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने बताया कि श्रेणीवार देखें तो दोपहिया वाहनों (2W) ने सबसे ज्यादा योगदान दिया। इस सेगमेंट में 3,28,518 यूनिट बिक्री हुई, जो पिछले साल के 3,08,146 से 6.61 प्रतिशत अधिक है। तीनपहिया वाहनों (3W) में सबसे तेज वृद्धि देखने को मिली। यहां बिक्री 8,819 यूनिट रही, जो फेस्टिव’25 के 7,317 से 20.53 प्रतिशत ज्यादा है।
ट्रैक्टर (TRAC) सेगमेंट में भी मजबूत मांग बनी रही। 14,893 ट्रैक्टर बिके, जो पिछले साल की तुलना में 16.95 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। कमर्शियल व्हीकल (CV) में 11,957 यूनिट बिक्री हुई, जिसमें 5.12 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया।
वहीं, पैसेंजर व्हीकल (PV) सेगमेंट में गिरावट आई। यहां बिक्री 51,287 यूनिट रही, जो पिछले साल के 57,091 से 10.17 प्रतिशत कम है। व्हील्ड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट (Wheeled-CE) में भी मामूली गिरावट देखी गई। इस श्रेणी में 845 यूनिट बिके, जो पिछले साल से 3.43 प्रतिशत कम है।
FADA रिसर्च के अनुसार, फेस्टिव’26 की अवधि 11 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक रही, जबकि फेस्टिव’25 22 सितंबर से 2 नवंबर 2025 और फेस्टिव’24 3 अक्टूबर से 13 नवंबर 2024 तक था।
कुल मिलाकर राजस्थान में त्योहारी सीजन के दौरान दोपहिया, तीनपहिया और ट्रैक्टर सेगमेंट ने बाजार को मजबूती दी, जबकि पैसेंजर कारों की बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही।

Comment List