चम्बल नदी में 20 टैग लगे नवजात घड़ियाल छोड़े, वैज्ञानिक तकनीक से होगी गतिविधियों की निगरानी
परियोजना के अंतर्गत कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग एवं प्राकृतिक आवास में पुनर्वास का लक्ष्य
जयपुर। राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य में संचालित घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना (Gharial Ecology Project) के अंतर्गत मंगलवार को पालीघाट में चम्बल नदी में 20 रेडियो/VHF टैग युक्त घड़ियाल हैचलिंग (नवजात घड़ियाल) को प्राकृतिक आवास में पुनर्वास (Rewilding) के लिए छोड़ा गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य घड़ियालों की प्राकृतिक आवास में गतिविधियों, विचरण क्षेत्र, व्यवहार, अनुकूलन एवं उत्तरजीविता का रेडियो टेलीमेट्री तकनीक के माध्यम से वैज्ञानिक अध्ययन एवं निगरानी करना है।
इस अवसर पर मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक (CWLW) के.सी.ए. अरुण प्रसाद, मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक, रणथम्भौर टाइगर प्रोजेक्ट एस.पी. सिंह, उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। परियोजना के अंतर्गत कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग एवं प्राकृतिक आवास में पुनर्वास का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके तहत आज प्रथम चरण में 20 घड़ियालों को चम्बल नदी में छोड़ा गया।
यह पहल घड़ियालों के प्राकृतिक जीवन, आवासीय व्यवहार एवं नदी पारिस्थितिकी को बेहतर ढंग से समझने के साथ-साथ राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य में घड़ियाल संरक्षण के वैज्ञानिक प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ करेगी।

Comment List