कार डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी : 1 की मौत, 5 घायल, हवा में उछलकर बाहर गिरे 3 सवार
1 की हालत गंभीर
जयपुर। निवारू रोड बाइपास पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर तीन बार पलटी खाते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार उदयपाल की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार कार में छह लोग सवार थे। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। मृतक उदयपाल का शव कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया है। उसका पोस्टमार्टम अभी नहीं हुआ है। गंभीर घायल परमवीर सिंह के सिर में गहरी चोट आई है और कान से भी खून निकल रहा था। उसे एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल मूंडियावास निवासी भारत सिंह, भीम सिंह और ब्यावर निवासी सुरेंद्र सिंह सहित तीन अन्य घायलों को एसएमएस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, वह घर जा रहे थे। इसी दौरान निवारू की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी और उसमें सवार तीन लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Comment List