जयपुर में सांस अभियान शुरू, 5 साल तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने पर रहेगा विशेष जोर
अभिभावकों को लक्षणों और बचाव के प्रति किया जाएगा जागरूक
जयपुर। पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सांस अभियान शुरू किया है। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। आशा सहयोगिनियों और एएनएम द्वारा घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी। अभिभावकों को निमोनिया के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि तेज सांस चलना, छाती धंसना, खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी निमोनिया के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी राजकीय स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, बेहतर पोषण और नियमित स्तनपान पर भी जोर दिया। अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी जागरूकता गतिविधियां होंगी।

Comment List