एसएमएस अस्पताल का होगा काया पलट, जर्जर हो चुकी है वर्तमान की 90 साल पुरानी बिल्डिंग
पुरानी बिल्डिंग तोड़कर बनाया जाएगा आधुनिक टॉवर
जयपुर। एसएमएस अस्पताल में हर साल इलाज के लिए आने वाले 30 लाख से ज्यादा मरीजों को भविष्य में पुरानी बिल्डिंग से छुटकारा मिलेगा और अत्याधुनिक टॉवर के रूप में नई सौगात मिलेगी। सब कुछ ठीक रहा तो करीब 90 साल पुरानी हो चुकी हॉस्पिटल की बिल्डिंग का जल्द ही कायापलट होगा।
आईपीडी टावर की तर्ज पर 10 और 14 मंजिल के 3-3 ब्लॉक बनेंगे। ये ब्लॉक हॉस्पिटल की मुख्य बिल्डिंग, बांगड़ और नार्थ विंग-साउथ विंग की जगह तैयार होंगे। इसके लिए अगले 30 साल के मास्टर प्लान के लिए देश की नामी हॉस्पिटल डिजाइनिंग फर्म को सर्वे का जिम्मा सौंपा गया है।
अभी ओपीडी और भर्ती मरीजों को जांचों के लिए अलग-अलग बिल्डिंगों में भटकना पड़ता है। पार्किंग भी बड़ी समस्या है। बिल्डिंग के कई हिस्से इतने जर्जर हो चुके हैं कि उनकी मेंटेनेंस पर ही सालाना 10 करोड़ से ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं।
तीन फेज में बनेंगे तीन टॉवर :
जानकारी के अनुसार हॉस्पिटल का री-डेवलपमेंट मास्टर प्लान अगले 30 सालों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार हो रहा है। अभी हॉस्पिटल में जहां मुख्य भवन, बांगड़ हॉस्पिटल और नॉर्थ साउथ विंग ओपीडी है। वहां 10 से लेकर 14 फ्लोर की 3 बिल्डिंग आईपीडी टावर की तर्ज पर तीन चरणों में बनेंगी। दो ब्लॉक एक लाख वर्गफीट एरिया कवर करेंगे। वहीं एक ब्लॉक 75 हजार वर्गमीटर एरिया। इससे कम जमीन में ज्यादा क्षमताओं वाला आधुनिक एसएमएस हॉस्पिटल तैयार होगा।
मौजूदा खामियों और भविष्य की जरूरतों का सर्वे :
एसएमएस हॉस्पिटल के री-डेवलपमेंट के लिए देश की नामी हॉस्पिटल डिजाइनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंसी फर्म से सर्वे कराया जा रहा है। राज्य सरकार की नोडल एजेंसी पीडीकोर के साथ मिलकर फर्म हॉस्पिटल की मौजूदा क्षमता, खामियों और भविष्य की जरूरतों का विस्तृत आंकलन कर रही है। इसी सर्वे के आधार पर तीन चरणों में तीन टावर बनकर तैयार होंगे। फेज-1 में 10 लाख 75 हजार 197 वर्गफुट एरिया में बिल्डिंग बनेगी। फेज-2 में 11 लाख 36 हजार 367 वर्गफुट और फेज-3 में 10 लाख 75 हजार 197 वर्गफुट एरिया का निर्माण होगा। तीनों टावरों को एक दूसरे से कनेक्ट रखा जाएगा।

Comment List