मिस इंडिया ग्लैम सीजन-8 के जयपुर ऑडिशन 29 नवंबर को, देशभर की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
चयनित फाइनलिस्ट को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से मिलेगी ग्रूमिंग ट्रेनिंग
जयपुर। फैशन, ग्लैमर और प्रतिभा को मंच देने वाली राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता 'मिस इंडिया ग्लैम' के आठवें सीजन की प्रेस कॉन्फ्रेंस सोमवार को वैशाली नगर स्थित होटल द काउंटी इन में हुई। इस मौके पर प्रतियोगिता की रूपरेखा की जानकारी दी गई। इंडिया ग्लैम के निदेशक पवन टांक ने बताया कि जयपुर के ऑडिशन 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से वैशाली नगर के गांधी पथ स्थित रोसाडो लग्जरी लाउंज में होंगे। इनमें जयपुर सहित पूरे राजस्थान और देशभर की वे युवतियां भाग ले सकती हैं, जो मॉडलिंग को करियर बनाना चाहती हैं। ऑडिशन के बाद चुनिंदा प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। टांक ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और भारतीय सौंदर्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है।
चयनित फाइनलिस्ट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ ग्रूमिंग कक्षाएं देंगे। टैलेंट राउंड, ड्रामा, कॉमेडी, एक्शन, फिटनेस और खेल गतिविधियों के जरिए उनकी प्रतिभा परखी जाएगी। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले अगले महीने दिल्ली रोड के एक रिसॉर्ट में भव्य रूप से होगा, जहां विजेता को 'मिस इंडिया ग्लैम-2027' का ताज पहनाया जाएगा। विभिन्न राज्यों के सब-टाइटल भी प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे। प्रतिभागियों को फिल्म, म्यूजिक एलबम, टीवी धारावाहिक और वेब सीरीज में काम करने का मौका मिलेगा। फाइनलिस्ट के साथ वर्ष 2027 का कैलेंडर शूट भी होगा।

Comment List