आईओए चुनाव में नेटबॉल फेडरेशन के दो प्रतिनिधियों के वोट पर सवाल, राजस्थान नेटबॉल संघ ने दर्ज कराई आपत्ति
खेल मंत्रालय के कारण बताओ नोटिस का दिया गया हवाला
जयपुर। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के 5 दिसंबर को प्रस्तावित कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों के चुनाव से पहले नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (एनएफआई) के दो प्रतिनिधियों के मतदान अधिकारों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राजस्थान नेटबॉल एसोसिएशन ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए फेडरेशन के प्रतिनिधि वागीश पाठक और सुमन कौशिक के नाम अंतिम मतदाता सूची से हटाने अथवा जांच पूरी होने तक उनके मतदान अधिकार स्थगित रखने की मांग की है।
एसोसिएशन के महासचिव बीएल शर्मा की ओर से अधिवक्ता नवराज सिंह महल के माध्यम से 21 नवंबर को आईओए के निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर संजय के. श्रीवास्तव के समक्ष यह आपत्ति दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया है कि एनएफआई के 9 अगस्त 2026 को हुए आंतरिक चुनावों को लेकर पंजाब एवं हरियाणा, राजस्थान और पटना हाईकोर्ट में मामले लंबित हैं। संबंधित अदालतों के अंतरिम आदेशों के अनुसार चुनाव परिणाम और पक्षकारों के अधिकार याचिकाओं के अंतिम फैसले के अधीन हैं।
एसोसिएशन ने एनएफआई के चुनाव अधिकारी की ओर से जारी फॉर्म-9 का हवाला देते हुए कहा कि उसमें भी चुनाव परिणाम और कार्यकाल को न्यायालयों में लंबित मामलों के निर्णय के अधीन बताया गया है। इसके अलावा केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने 6 नवंबर को एनएफआई को कारण बताओ नोटिस जारी कर चुनाव प्रक्रिया, राज्य संघों की मान्यता और खेल प्रशासन से जुड़े मामलों पर जवाब मांगा है।
आपत्ति में निर्वाचन अधिकारी से दोनों प्रतिनिधियों के नामांकन से जुड़े मूल दस्तावेज, कार्यकारिणी की बैठक का प्रस्ताव, उपस्थिति पत्रक और पात्रता संबंधी प्रमाणों की जांच कराने की मांग की गई है। एसोसिएशन का तर्क है कि आईओए के 71 सदस्यीय निर्वाचन मंडल में दो संदिग्ध वोट भी चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकते हैं।
संघ ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य आईओए चुनाव रोकना नहीं, बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। उसने मतदान से पहले आपत्ति पर सुनवाई कर कारण सहित आदेश जारी करने की मांग की है।

Comment List