जर्मनी-कतर के संयुक्त बयान से भड़का ईरान, कतर के राजनयिक को किया तलब; दर्ज कराया विरोध
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की टिप्पणी पर ईरान का कड़ा पलटवार
तेहरान। ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के देशों पर ईरानी हमलों की निंदा करने वाले जर्मनी और कतर के संयुक्त बयान के विरोध में सोमवार को कतर के प्रभारी राजनयिक को तलब किया। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने यह जानकारी दी। बघाई ने इस बयान को आश्चर्यजनक और खेदजनक बताते हुए कहा कि कतर का रुख अप्रत्याशित था। उन्होंने कहा कि ईरान ने आरोपों को खारिज कर दिया है और कतर के राजदूत की अनुपस्थिति में प्रभारी राजनयिक के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया है।
कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी की अमेरिका यात्रा पर टिप्पणी करते हुए बघाई ने कहा कि सभी मोर्चों पर लड़ाई समाप्त करना किसी भी समझौते का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने इस मांग को क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के प्रति ईरान की जिम्मेदारी का संकेत बताया। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने ईरान के शासकों को घायल और घिरे हुए जानवर कहा था, बघाई ने कहा, इस्लामी गणराज्य घायल हुआ है, लेकिन इन घावों ने शेर के पंजों और दांतों को और मजबूत बना दिया है।

Comment List